गुना में पुरानी रंजिश में ठेकेदार को मारी गोली:मजदूरों को पेमेंट कर लौट रहे थे; 5 बीघा जमीन के विवाद में रास्ता रोका

गुना जिले के धमनार गांव में मंगलवार रात जमीनी रंजिश के चलते एक ठेकेदार पर फायरिंग कर दी गई। हमलावरों ने पहले ठेकेदार के साथ मारपीट की, फिर गोली चला दी जो उनके हाथ में लगी है। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना नेशनल हाईवे पर के-2 (K2) होटल के पीछे की है, जहां 5 बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, धमनार निवासी दीवान सिंह जाटव ठेकेदारी करते हैं। मंगलवार रात करीब 9 बजे वह साइट पर मजदूरों का हिसाब और पेमेंट कर अपनी बाइक से वापस लौट रहे थे। तभी के-2 होटल के पास कब्जा करने वाले पक्ष के लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पहले उनके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद एक व्यक्ति ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके हाथ में लगी, जिससे वह लहुलूहान हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। 5 बीघा जमीन पर कब्जे का विवाद बताया जाता है कि नेशनल हाईवे पर के-2 होटल के पीछे दीवान सिंह की पट्टे की लगभग 5 बीघा जमीन है। इस जमीन पर गांव के ही कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है। दीवान सिंह द्वारा बार-बार कहने के बाद भी वे कब्जा नहीं छोड़ रहे थे। इसी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया। पत्नी का आरोप- शिकायत पर नहीं हुई सुनवाई सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। दीवान सिंह की पत्नी ने आरोप लगाया है कि मामले की कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई हल नहीं निकला। वहीं, फायरिंग की घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *