गुना के बजरंगगढ़ इलाके में फॉरेस्ट की जमीन से अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान लगभग 150 बीघा फॉरेस्ट की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। प्रशासन पांच JCB और 100 से ज्यादा की फोर्स के साथ मैदान में उतरा और कार्रवाई को अंजाम दिया। गुना दक्षिण वन परिक्षेत्र रेंजर विवेक चौधरी ने बताया कि बजरंगगढ़ क्षेत्र में भू माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। रविवार को बीट गेड़ाबर्रा के कक्ष क्रमांक RF128 में 150 बीघा वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करवाया गया है। अतिक्रमणकारियों द्वारा जंगल काटकर गेहूं और सरसो की खेती की जा रही थी। इस भूमि पर फसल को नष्ट करके अतिक्रमण रोधी गड्ढे विभाग द्वारा खोदे गए। उन्होंने बताया कि DFO अक्षय राठौर के मार्गदर्शन और उपवनमंडल अधिकारी आरसी डामोर के निर्देशन में जिले में अतिक्रमणकारियों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। परिक्षेत्र अधिकारी गुना दक्षिण विवेक चौधरी की अगुवाई में लगातार 10 घंटे चली कार्रवाई में अतिक्रमण को बेदखल किया गया। इसी जमीन पर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ वर्ष 2004 में भारतीय वन अधिनियम के अंतर्गत अवैध अतिक्रमण के प्रकरण दर्ज कर धारा 80 ए और बेदखली नोटिस जारी कर दिए गए थे। इसके बाबजूद भी उन्होंने वनभूमि से कब्जा छोड़ने की बजाय राजनीतिक प्रभाव और दबंगई के बल पर धीरे-धीरे 100 बीघा से ज्यादा वनभूमि पर कब्जा कर लिया था। कुछ दिन पहले ही इस जगह पर अवैध कटाई की गई और वन्य प्राणियों के शिकार के उद्देश्य से लगाए गए फंदे व करंट के तारों को बिछाया गया। गड्ढा खोदकर 45 बीघा वनभूमि को मुक्त कराया इसके बाद सेमरी तालाब पर अतिक्रमण की शिकायतों पर कार्यवाही करते हुए विभाग द्वारा सेमरी मंदिर के पास बने तालाब के चारों तरफ भी जेसीबी से गड्डे खोदकर लगभग 45 बीघा वनभूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कर तालाब को सुरक्षित किया गया किया। वन परिक्षेत्र अधिकारी विवेक चौधरी ने बताया कि गुना वनमंडल अधिकारी के निर्देशन में लगातार अतिक्रमण विरोधी मुहिम जारी है। पूरी कार्रवाई में रेंज ऑफिसर विवेक चौधरी उपस्थित रहे। परिक्षेत्र गुना दक्षिण में हुई इस कार्रवाई में परिक्षेत्र गुना उत्तर, राघोगढ़, बमोरी, फतेहगढ़, आरोंन, वनमंडल उड़नदस्ता के स्टाफ के साथ साथ कार्यवाहक वनपाल इमरान मियां, दुर्गेंद्र सिंह जाट, हरीश भार्गव, महेश गोस्वामी,पुलिस थाना बजरंगगढ़ के पुलिस बल मौजूद रहा।


