गुना के विकास नगर इलाके में रविवार को एक विधवा महिला पर कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने महिला से जबरन घर खाली करने को कहा और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने घर में रखे सामान में तोड़फोड़ कर उसे बाहर फेंक दिया। घटना की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। विकास नगर की निवासी नज्मा बेगम (46) ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई है। नज्मा ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 1 बजे वह अपने घर में मौजूद थीं। उनके पिता और भतीजा भी वहीं थे। इसी दौरान मोहन परिहार, राजू किरार, हनी सुखेजा और एक अन्य व्यक्ति उनके घर पहुंचे और मकान खाली करने को कहने लगे। जब नज्मा ने बताया कि मकान उनका है, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। मारपीट और तोड़फोड़ की नज्मा ने बताया कि आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मोहन परिहार ने लाठी से हमला किया, जिससे नज्मा के भतीजे को भी सिर में चोट लग गई। आरोपियों ने घर में रखा सामान भी बाहर फेंक दिया और उसमें तोड़फोड़ की। स्कूटी और घर में लगे कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया गया। मारपीट करने वाले बदमाशों का दावा है कि जिस घर में नज्मा रहती है वह उनका है। यही कारण है कि वह नज्मा को घर से निकालना चाहते है। पैसे और जेवर भी गायब नज्मा ने बताया कि घर में रखे पैसे और जेवर भी गायब हैं। जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि अगर घर खाली नहीं किया, तो जान से मार देंगे। पुलिस ने नज्मा की शिकायत पर महेंद्र परिहार, राजू किरार, हनी सुखेजा और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


