गुना जिले की मृगवास पुलिस ने स्मैक तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए मुख्य सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एक दिन पहले 105 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ाए तस्कर सोनू मीना के फूफा घीसालाल मीना को राजस्थान से दबोचा है। जांच में सामने आया कि फूफा ही अपने भतीजे को बेचने के लिए स्मैक उपलब्ध कराता था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। 7 दिसंबर की रात पुलिस ने राजस्थान के बांरा निवासी सोनू मीना (25) को 104.35 ग्राम स्मैक (कीमत 10.40 लाख रुपए) के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस की पूछताछ में सोनू ने खुलासा किया कि वह यह स्मैक अपने रिश्तेदार (फूफा) घीसालाल मीना निवासी ग्राम मोतीपुरा (राजस्थान) से खरीदकर लाया था। राजस्थान से 60 साल का सप्लायर गिरफ्तार आरोपी सोनू के बयान के आधार पर पुलिस ने घीसालाल मीना को भी मामले में आरोपी बनाया। पुलिस ने लगातार दबिश देकर स्मैक विक्रेता घीसालाल पुत्र लक्ष्मीनारायण मीना (60), निवासी ग्राम मोतीपुरा, थाना हरनावदा, जिला बांरा (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया। माफियाओं के खिलाफ अभियान जारी एसपी अंकित सोनी ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले माफियाओं के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी मानसिंह ठाकुर और एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस ने यह कार्रवाई कर तस्करी की चेन को तोड़ा है।


