सुल्तानपुर | गुप्त नवरात्रि के चौथे दिन गुप्त मातेश्वरी मंदिर में मां भुवनेश्वरी की विशेष पूजा और आराधना हुई। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नव जोत, 111 खप्पर और वारी के दर्शन के लिए नगर के पुरुष और महिलाएं पहुंचे। मंदिर परिसर में दिनभर देवी भक्तों के गीत और जस कीर्तन होते रहे। पंडित राजेंद्र शास्त्री ने बताया, चौथे दिन माता की आराधना से नकारात्मक विचार दूर होते हैं। साधक के भीतर सकारात्मक ऊर्जा आती है। मंदिर में प्रतिदिन माता रानी का पाठ और धार्मिक अनुष्ठान हो रहे हैं। गुप्त नवरात्रि के अंतिम दिनों में श्रद्धालु विशेष साधना के साथ मां भुवनेश्वरी की आराधना करते हैं। पंचमी के दिन यहां सरस्वती माता की पूजा बसंत पंचमी के रूप में होगी। इससे नगर में धार्मिक उल्लास और भक्ति का माहौल बना रहेगा।


