गुडडू चौरसिया|गुमला नगर निकाय चुनाव की सुगबुगाहट तेज होते ही गुमला की राजनीतिक आबोहवा गरमाने लगी है। शहर की सरकार चुनने के लिए प्रशासनिक तैयारियां जहां जोरों पर हैं। वहीं राजनीतिक दलों के भीतर टिकट वितरण और समर्थन को लेकर कशमकश का दौर जारी है। दिलचस्प बात यह है कि आधिकारिक तौर पर अब तक किसी भी बड़े दल ने अपने समर्थित प्रत्याशियों के नामों की घोषणा नहीं की है। लेकिन वेट एंड वॉच की इस स्थिति ने दावेदारों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा, कांग्रेस और झामुमो जैसे प्रमुख दल कभी भी अपने उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर सकते हैं। छनकर आ रही खबरों के मुताबिक अध्यक्ष पद के लिए कुछ महिला चेहरों के नाम लगभग तय माने जा रहे हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी के खेमे में शकुंतला उरांव का नाम आगे चल रहा है। पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं और संगठन के बीच उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें प्रबल दावेदार माना जा रहा है। कांग्रेस की ओर से हेमावती लकड़ा व सीता देवी के नाम की चर्चा जोरों पर है। स्थानीय समीकरणों और महिला वोटरों के बीच पैठ को देखते हुए पार्टी उन पर दांव लगा सकती है। झामुमो के समर्थन से हर्षिता एक्का मैदान में उतर सकती हैं। राज्य में सत्ताधारी दल होने के नाते झामुमो समर्थित प्रत्याशी की दावेदारी को काफी मजबूती से देखा जा रहा है। बहरहाल गुमला नगर परिषद का अध्यक्ष पद इस बार प्रतिष्ठा का विषय बना हुआ है। सूत्रों की मानें तो प्रत्येक दल ऐसे चेहरे को सामने लाना चाहता है। जिसकी छवि साफ हो और जो जातीय व क्षेत्रीय समीकरणों में फिट बैठता हो। फिलहाल संभावित प्रत्याशी अपने-अपने आकाओं के पास चक्कर लगा रहे हैं और अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। इधर चौक-चौराहों और चाय-पान की दुकानों पर चर्चाओं का बाजार गर्म है। आम जनता भी इस बात का इंतजार कर रही है कि आखिर उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए कौन सा चेहरा सामने आता है। उम्मीद की जा रही है कि अगले 24 से 48 घंटों के भीतर सभी प्रमुख दल अपने समर्थित प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची जारी कर देंगे। जिसके बाद चुनाव प्रकिया और भी धारदार हो जाएगी। गुमला|शहरी क्षेत्र के वार्ड चार से पार्षद पद के लिए जिशान आलम ने दावेदारी कर पर्चा खरीदा है। वे अपने युवा समर्थकों के साथ पहुंचे और पर्चा लिया। कहा कि वार्ड में बुनियादी सुविधाओं की पूर्ति के लिए वे मैदान में उतरे है। अब तक उनका वार्ड विकास से पिछड़ा है। लोहरदगा|जिले के नगर क्षेत्र में नगर निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रत्याशी चयन को लेकर जहां विभिन्न दलों में मंथन और रणनीतिक कवायद चल रही है, वहीं धीरे धीरे राजनीतिक दलों के समर्थन में अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के चेहरे साफ होने लगे है। 2018 में नप का पिछला चुनाव हुआ था। जिसके बाद आज सात वर्षों में 8838 मतदाता शहरी क्षेत्र में बढ़ गए है। 2018 में 34232 मतदाता थे। अब 2026 में 43070 मतदाता है। जिनके द्वारा नप क्षेत्र के 23 वार्डो में वार्ड पार्षद और अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। इधर संभावित उम्मीदवारों के साथ मतदाता भी नप चुनाव को लेकर चौपालों में दिखने लगे है। गुरुवार से नाम निर्देशन का कार्य शुरू हुआ। नगर परिषद के अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पदों के लिए नामांकन का पहला दिन रहा। जिसमें अध्यक्ष पद के लिए 07, वार्ड 1-6 तक के लिए 12, वार्ड 7-12 के लिए 15, वार्ड 13-18 के लिए 16 और वार्ड 19-23 के लिए 07 लोगों ने पर्चा खरीदा। 4 फरवरी तक कर सकते है नामांकन: नगर परिषद अध्यक्ष के एक पद और 23 वार्ड पार्षद पदों के लिए नाम निर्देशन की प्रक्रिया दिनांक 29 जनवरी 2026 से प्रारंभ हो गई। जो 04 फरवरी 2026 के दोपहर 3 बजे तक चलेगी। नामांकन पत्र पूर्वाह्न 11 बजे से 3 बजे तक क्रय किया और भरकर जमा किया जा सकता है। जो अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करना चाहते हैं वे अपर समाहर्ता सह निर्वाची पदाधिकारी, लोहरदगा के कार्यालय से अपना नामांकन पत्र क्रय कर सकते हैं। वहीं वार्ड 01-06 के वार्ड पार्षद पद के लिए निर्वाची पदाधिकारी सह भूमि सुधार उपसमाहर्ता के अनुमंडल स्थित कार्यालय से नामांकन पत्र क्रय कर सकते हैं। वार्ड 07-12 के वार्ड पार्षद पद के लिए निर्वाची पदाधिकारी सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी के कार्यालय (समाहरणालय भवन, नीचे तल) से नामांकन पत्र कर सकते हैं। वार्ड 13-18 तक के वार्ड पार्षद पद के लिए निर्वाची पदाधिकारी सह कार्यपालक दण्डाधिकारी के जिला नजारत स्थित कार्यालय से अपना नामांकन पत्र क्रय कर सकते हैं। वहीं वार्ड 19-23 तक के वार्ड पार्षद पद के लिए निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ के समाहरणालय भवन के प्रथम तल स्थित पीएमयू कार्यालय (अपर समाहर्ता कार्यालय के बगल में) से अपना नामांकन पत्र क्रय कर सकते हैं।


