गुमला में आग से झुलसे दंपती की मौत:ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, मुआवजे की मांग; गैस सिलेंडर में लिकेज का आरोप

गुमला जिले में एक दर्दनाक घटना में गैस रिसाव से लगी आग में झुलसे पति-पत्नी की मौत हो गई। दुदुरिया निवासी गौरी उरांव (48) और रंथू उरांव (58) शनिवार सुबह रसोई में खाना बना रहे थे। उनके परिजन प्रदीप मिंज का आरोप है कि गैस सिलेंडर में लिकेज था, जिससे माचिस जलाते ही आग भड़क गई और दोनों बुरी तरह झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से दंपती को सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर श्वेता कुमारी ने गंभीर हालत देखते हुए दोनों को रिम्स रेफर कर दिया था। शनिवार को पत्नी की मौत हो गई और बुधवार को पति ने भी दम तोड़ दिया। गुमला-लोहरदगा सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया इस घटना से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने बुधवार शाम को नवीन पेट्रोल पंप के पास गुमला-लोहरदगा सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। वाहनों की लंबी कतार लग गई। थानेदार महेन्द्र करमाली, एसडीओ सुरेश प्रसाद यादव और अंचल अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रुपए की मदद दी। इधर, ग्रामीण बच्चों की परवरिश, सरकारी नौकरी और मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। रसोई गैस एजेंसी के माध्यम से दुर्घटना बीमा के आधार पर मुआवजे का भुगतान कराने का आश्वासन देने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *