गुमला में इंडिकैश एटीएम से 68 हजार की चोरी:चोर शटर काटकर मशीन उखाड़ ले गए, CCTV पर किया काले रंग का स्प्रे

गुमला जिले के बसिया थाना क्षेत्र में खुदी चौक के पास स्थित इंडिकैश एटीएम से सोमवार रात करीब 1:30 बजे अज्ञात चोरों ने लगभग 68 हजार रुपए चुरा लिए। चोर एटीएम मशीन को उखाड़कर अपने साथ ले गए। बैंक कर्मियों से मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने पहले शटर को उखाड़ा। इसके बाद उन्होंने एटीएम मशीन को उठाकर मौके से फरार हो गए। चोरों ने एटीएम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर काले रंग का स्प्रे कर उसे भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही बसिया पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और मामले की जांच में जुट गया। एसडीपीओ नाजिर अख्तर ने बताया कि पुलिस गहनता से अनुसंधान कर रही है। उन्होंने इसे शातिर बदमाशों का काम बताया और जल्द ही रिकवरी होने की उम्मीद जताई। 2024 में एटीएम से 25 लाख रुपए की चोरी हुई थी गौरतलब है कि सितंबर 2024 में भी बसिया प्रखंड के कोनबीर स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम से 25 लाख रुपए की चोरी हुई थी। उस घटना में चोरों ने गैस कटर से एटीएम मशीन को काटकर वारदात को अंजाम दिया था और फिर उसमें आग लगा दी थी। उस समय चोरों ने बसिया प्रखंड निवासी संजय चौधरी के मालवाहक ट्रक की चोरी की थी। उसी ट्रक का इस्तेमाल कर वे कोनबीर एटीएम पहुंचे, 25 लाख रुपए चुराए और मशीन में आग लगा दी। बाद में चोरी किया गया ट्रक कामडारा प्रखंड के बाकूटोली मोड़ के पास शॉर्ट सर्किट के कारण बंद हो गया, जिसके बाद चोर उसे छोड़कर पैसे लेकर फरार हो गए थे। उस मामले में अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *