गुमला में किशोरी की कुएं में डूबने से मौत:जलमीनार खराब होने से कुएं से पानी लेने गई थी, पैर फिसलने से हुआ हादसा

गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है। करीडा गांव निवासी भोला साहू की 14 वर्षीय पुत्री संतोषी कुमारी की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना शनिवार की सुबह की है। संतोषी पानी भरने के लिए कुएं पर गई थी। पानी भरते समय उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गई। ग्रामीणों ने उसे कुएं से बाहर निकाला और तुरंत सदर अस्पताल गुमला ले गए। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के चाचा नारायण साहू ने बताया कि गांव में हर घर नल जल योजना के तहत दो जलमीनार बनाए गए थे। एक जलमीनार खराब पड़ा है, जिससे ग्रामीणों को पानी नहीं मिल पाता। दूसरे जलमीनार का पानी पीने योग्य नहीं है। इस कारण ग्रामीणों को नजदीकी कुएं से पीने का पानी लाना पड़ता है। एसआई विनय कुमार महतो ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। स्थानीय स्कूल में पढ़ने वाली संतोषी की मौत से गांव में मातम का माहौल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *