गुमला में पति की हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार:धान बेचकर शराब पीने पर हुआ था विवाद, सोते वक्त कुल्हाड़ी से वार कर ली थी जान

गुमला सदर थाना क्षेत्र के चौली नवा टोली गांव में 13 दिसंबर की रात रमेश साहू की हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी 35 वर्षीय पत्नी राधा देवी को गिरफ्तार कर लिया है। रमेश साहू की हत्या कुल्हाड़ी और पत्थर से पुवाल के गांज के पास की गई थी। आरोपी पत्नी को बुधवार को दोपहर 1 बजे जेल भेज दिया गया। एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि थाना में दर्ज कांड संख्या 413/25 के तहत एक टीम गठित की गई थी। छापेमारी और पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि घटना को पत्नी ने ही अंजाम दिया था। पति ने दो बोरी धान बेचकर शराब पी ली थी आरोपी पत्नी ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वह अपने छोटे बेटे रोहन कुमार को परीक्षा दिलाने गुमला गई थी। शाम को लौटने पर उसने अपने पति रमेश साहू और दूसरे बेटे राकेश साहू को नशे की हालत में देखा। पूछने पर पता चला कि पति ने दो बोरी धान बेचकर शराब पी ली थी। जब राधा देवी ने इसका विरोध किया, तो रमेश ने उसे कुल्हाड़ी से मारने के लिए दौड़ाया। इसके बाद रमेश पुवाल के गांज में जाकर सो गया। पत्नी ने देर रात घात लगाकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया। अक्सर शराब पीने को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकारा शुरुआत में रमेश की हत्या का मामला अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया गया था। एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम में महिला पुलिसकर्मी हेमा देवी ने राधा देवी से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान राधा देवी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरी घटना का विवरण दिया। इसके बाद उसे बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *