गुमला पुलिस ने प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन शुगर के खरीद-बिक्री मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एसपी हरीश बिन जमा के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर लक्ष्मण नगर में की गई कार्रवाई में पुलिस ने सबसे पहले 21 वर्षीय आकाश राज उर्फ आकाश पासवान को गिरफ्तार किया। उसके पास से 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। आकाश की निशानदेही पर चाहा गांव में आगे की कार्रवाई की गई। वहां से 33 वर्षीय बादल साहू और 25 वर्षीय छोटू साहु उर्फ जनेश्वर साहु को पकड़ा गया। बादल के पास से 12 ग्राम ब्राउन शुगर, 35,700 रुपए और दो मोबाइल मिले। छोटू के पास से 7 पुड़िया ब्राउन शुगर, एक वजन मशीन और एक वीवो कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ। दो आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड इन दोनों की जानकारी पर उसी गांव से 32 वर्षीय मिनत कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसके घर से 10 ग्राम ब्राउन शुगर, एक वजन मशीन और 10.10 लाख रुपए बरामद किए गए। एसपी ने बताया कि छोटू साहु और बादल साहु का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। सभी बरामद सामान की विधिवत सूची बनाकर जब्त कर लिया गया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।


