गुमानपुरा पुलिस चौकी में महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा:महिला ने चाय की दुकान में लगाई आग, फरियादियों पर बरसाए डंडे, पुलिस ने किया गिरफ्तार

कोटा शहर के गुमानपुरा पुलिस चौकी में एक महिला ने चौकी परिसर और उसके आसपास हाई वोल्टेज ड्रामा कर दिया। घटना चौकी के पास स्थित एक चाय की दुकान से शुरू हुई, जहां महिला ने अचानक आग लगा दी। दुकान में रखी प्लास्टिक की कुर्सियों को भी आग के हवाले कर दिया गया। आग लगते ही मौके पर मौजूद कांस्टेबल ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद महिला हाथ में डंडा लेकर गुमानपुरा चौकी के अंदर घुस गई। वहां मौजूद फरियादियों से वह उल्टा-सीधा बोलने लगी और डंडे से मारने का प्रयास करने लगी। सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला चौकी के भीतर खड़ी होकर चिल्ला रही है, जबकि बाहर चाय की टापरी और कुर्सियों में लगी आग के अवशेष नजर आ रहे हैं। एक अन्य वीडियो में महिला चौकी के अंदर दो युवकों पर डंडा लेकर चिल्लाती दिख रही है। इस दौरान एक युवक उसका डंडा पकड़ लेता है, जिस पर महिला उससे भी झगड़ती और मारने का प्रयास करती दिखाई देती है। एक और वीडियो में महिला चौकी के बाहर सड़क पर गिरी हुई नजर आती है, वहीं दोनों युवक भी मौके पर मौजूद रहते हैं। मामले को लेकर गुमानपुरा थाना अधिकारी महेश कुमार कारवाल ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात की है। रेखा नाम कि ये महिला चौकी के पास स्थित मंदिर में रहती है और आए दिन दुकानदारों, पड़ोसियों और पुलिसकर्मियों से झगड़ा करती रहती है। महिला अपने परिवार से अलग रहती है और मानसिक अवसाद में बताई जा रही है। घटना की सूचना पर थाने से ड्यूटी ऑफिसर को बुलाकर महिला को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं मानी और लगातार हंगामा करती रही। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *