पंजाब के गुरदासपुर में चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी एक आतंकवादी संगठन द्वारा ईमेल के माध्यम से दी गई, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। धमकी भरा ईमेल गुरदासपुर के डिप्टी कमिश्नर को भेजा गया था। ईमेल में स्कूलों को दोपहर 1:15 बजे बम से उड़ाने की बात कही गई थी। इन स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें कलानौर रोड स्थित जिया लाल मित्तल डीएवी स्कूल, गांव दब्बूडी का जवाहर नवोदय विद्यालय, बहरामपुर रोड पर स्थित गुरदासपुर पब्लिक स्कूल और मेहर चंद रोड पर स्थित ट्रिनिटी पब्लिक स्कूल शामिल हैं। धमकी मिलने के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया। बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्कूल प्रबंधन ने तत्काल छुट्टी घोषित कर दी और सभी छात्रों को सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाया गया। इसके बाद स्कूलों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।


