गुरदासपुर के जेल रोड स्थित औसी हब इमिग्रेशन सेंटर पर दो बाइक सवार युवकों ने फायरिंग की। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपी युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। पुलिस ने मौके से दो खोखे बरामद किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार होकर आए युवकों ने इमिग्रेशन सेंटर के बाहर दो राउंड फायर किए। सेंटर के स्टाफ ने बताया कि गुरुवार शाम करीब छह बजे एक युवक आया और मालिक के बारे में पूछा। स्टाफ द्वारा मालिक के विदेश में होने की जानकारी देने पर वह चला गया, लेकिन कुछ देर बाद लौटकर सीढ़ियों में खड़े होकर दो राउंड फायर कर दिए। फायरिंग की आवाज सुनकर स्टाफ डर गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। आस्ट्रेलिया में रह रहे सेंटर के मालिक बताया जा रहा है कि इमिग्रेशन सेंटर के मालिक हरमन कंग, जो फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में रह रहे हैं, उन्हें कुछ दिन पहले फिरौती के लिए फोन कॉल और कई धमकियां मिल चुकी हैं। स्टाफ ने भी इस बात की पुष्टि की है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी डी डीके चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जांच में मौके से मिले दो खोल पुराने प्रतीत होते हैं और गोलियों का कोई निशान नहीं मिला है। पुलिस का मानना है कि हमलावरों ने स्टाफ को डराने के लिए एयरगन से फायर किया होगा और जाते समय पुराने खोल वहां फेंक दिए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। एसपी चौधरी ने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


