गुरदासपुर के बहरामपुर कस्बे के पास एक तेज रफ्तार निजी बस ने मोटरसाइकिल सवार परिवार को कुचल दिया, जिससे एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान 44 वर्षीय सुदेश कुमारी के रूप में हुई है। इस भीषण दुर्घटना में सुदेश कुमारी के पति और बेटी को भी मामूली चोटें आई हैं। दिल दहला देने वाली यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो अब जांच का मुख्य आधार बनी है। मिली जानकारी के मुताबिक, सुरेश कुमार अपनी पत्नी सुदेश कुमारी और बेटी के साथ गांव मरादा से दीनानगर की ओर जा रहे थे। परिवार किसी स्वास्थ्य समस्या के चलते डॉक्टर से दवा लेने के लिए घर से निकला था। जैसे ही वे बहरामपुर के पास पहुंचे, सामने से आ रही अनियंत्रित बस ने उनकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े और महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल सुदेश कुमारी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जख्मों के ताव न सहते हुए उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस की रफ्तार बहुत अधिक थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार बसों के कारण सड़कों पर मंडराते खतरे को उजागर कर दिया है। शोक संतप्त परिवार ने प्रशासन से न्याय की मांग करते हुए बस चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की अपील की है। पजनों का कहना है कि लापरवाही से वाहन चलाने वालों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में किसी और का परिवार इस तरह न उजड़े। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की तफ्तीश कर रही है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।


