गुरदासपुर जिले में दीनानगर पुलिस ने रेलवे फाटक के पास से एक युवक को हेरोइन, अफीम और ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी दो मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी सुबह करीब 3 बजे हुई, जब युवक रेलवे फाटक पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था। शक होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उसके पास से 100 ग्राम हेरोइन, 50 ग्राम अफीम और 1500 रुपए की ड्रग मनी बरामद हुई। गश्त के दौरान पकड़ा गया आरोपी थाना दीनानगर के एसएचओ अमृतपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गश्त के दौरान एएसआई जसविंदर सिंह को सूचना मिली थी कि अभिषेक कुमार उर्फ हैप्पी निवासी अवांखा नशीले पदार्थों की बिक्री में लिप्त है और दीनानगर रेलवे फाटक के पास मौजूद है। पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया। एसएचओ ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपी अभिषेक कुमार उर्फ हैप्पी के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से ही दो मामले दर्ज हैं।


