जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बावजूद गुरदासपुर में करतारपुर कॉरिडोर से श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है। पाकिस्तान ने जीरो लाइन पर अपने रेंजर्स तैनात कर दिए हैं। केंद्र सरकार ने पहलगाम हमले के बाद अमृतसर वाघा बॉर्डर को बंद कर दिया है। हालांकि, करतारपुर कॉरिडोर अभी खुला है। भारत में रहने वाले पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजा जा रहा है। वहीं शनिवार को 210 भारतीय श्रद्धालु कॉरिडोर के माध्यम से पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा करतारपुर साहिब पहुंचे। श्रद्धालुओं के अनुसार, वहां की स्थिति शांतिपूर्ण है और उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। करतारपुर कॉरिडोर पर गाड़ियों की सघन जांच दोनों देशों के बीच तनाव के कारण सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। करतारपुर कॉरिडोर पर जाने वाली गाड़ियों की सघन जांच की जा रही है। जीरो लाइन पर बीएसएफ के जवान पूरी तरह से मुस्तैद हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि दोनों देशों को मिलकर आतंकवाद को समाप्त करना चाहिए। उनका मानना है कि आतंकवादियों का न कोई धर्म होता है, न जाति।


