हरियाणा के गुरुग्राम में पिरामिड हाइट्स सोसाइटी में विदेशी युवक ने शराब के नशे में कपड़े उतारकर हंगामा किया। सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने मारपीट कर सोसाइटी में तोड़फोड़ की। इसके बाद नग्न हालत में ही महिलाओं के सामने जाकर अभद्रता करने लगा। गुस्साए सोसाइटी के लोगों ने पकड़कर उसकी धुनाई कर डाली। लोगों के सामने ही लेट कर उसने पेशाब कर दिया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवक की पहचान कैमरून देश के रहने वाले थॉमस एलेक्स के रूप में हुई है। वह नवंबर 2024 में अपने एक साथी के साथ एक साल के मेडिकल वीजा पर भारत आया था। वह सोसाइटी में किराए के फ्लैट में रहता था। पुलिस ने कैमरून एम्बेसी को शिकायत भेज दी है। हंगामे के बाद एक विदेशी कमरे में गया
सोसाइटी के लोगों ने बताया कि रात को सोसाइटी में किराए पर रहने वाले 2 विदेशी नशे की हालत में आए थे। उन्होंने अपने सारे कपड़े उतार रखे थे और नग्न अवस्था में ही सोसाइटी में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्डों की पिटाई की और उनके मोबाइल भी तोड़ दिए। इसके बाद वे सोसाइटी में प्रवेश कर गए और कॉमन एरिया में अश्लील हरकतें करने लगे। सोसाइटी की महिलाओं से अभद्रता की। जब वहां मौजूद लोगों ने उन्हें रोका तो आरोपी उनसे भी अभद्रता करने लगे। हालांकि उनमें से एक व्यक्ति अपने कमरे में चला गया। किराए के लालच में विदेशियों को दिए फ्लैट
रेजिडेंट राज सैनी ने बताया कि इस सोसाइटी का पजेशन (प्रॉपर्टी का अधिकार) कुछ समय पहले ही मिलना शुरू हुआ है। इसमें ज्यादातर फ्लैट प्रॉपर्टी डीलरों के पास हैं, जिन्होंने किराये के लालच में कुछ फ्लैट विदेशी नागरिकों को दे दिए हैं। सोसाइटी में अफ्रीका, नाइजीरिया समेत अन्य देशों के नागरिक रहते हैं। इन सभी की पुलिस द्वारा जांच की जानी चाहिए, क्योंकि लोगों को संदेह है कि ये असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त हैं। इस बारे में उन्होंने सोसाइटी की मेंटेनेंस एजेंसी को भी शिकायत की, लेकिन उनके द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस बोली- FIR दर्ज की, एम्बेसी को शिकायत भेजी
पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया कि रेजिडेंट्स की तरफ से पुलिस को लिखित शिकायत दी गई थी, जिसमें बताया गया था कि 17 मार्च की रात करीब 11:45 बजे एक अफ्रीकी व्यक्ति पूर्ण नग्न अवस्था में सुरक्षा कर्मचारी के साथ बदतमीजी करते हुए जबरदस्ती अंदर घुस गया। वह टावर 4 के फ्लैट नंबर 1101 में रहता है। उस व्यक्ति के शरीर पर चोट के निशान थे और वह नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था। सोसाइटी के लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। लोगों ने बड़ी मुश्किल से अपना बचाव किया, लेकिन वह अश्लील गालियां देता रहा और सभी को जान से मारने की धमकी देता रहा। उसने धक्का-मुक्की करते हुए एक सुरक्षा कर्मचारी का मोबाइल भी तोड़ दिया। उसे गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया गया है और उसके दूतावास को सूचित कर दिया गया है।


