राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन (गुरुजी) की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। वे दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज करने में जुटी है। अस्पताल में उनसे मिलने वालों का तांता लगा हुआ है। लेकिन आईसीयू में भर्ती होने के कारण सीमित संख्या में ही लोगों को मिलने की अनुमति है। झामुमो प्रवक्ता मनोज पांडेय ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने को लेकर रांची के जगन्नाथ मंदिर में विशेष पूजा की। उन्होंने भगवान जगन्नाथ से गुरुजी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। लोगों से अपील की कि वे गुरुजी के स्वास्थ्य लाभ के लिए अपने-अपने पूजा स्थलों में पूजा और दुआ करें। इधर, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गुरुजी की सेहत को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात की। हेमंत ने बताया कि गुरुजी को हल्का पैरालिसिस अटैक आया है। वहीं कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी सिरि बेला प्रसाद, झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी व श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव भी अस्पताल पहुंचे और गुरुजी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने कहा कि गुरुजी के स्वास्थ्य को लेकर लोग चिंतित हैं। इसलिए सरकार को मेडिकल बुलेटिन जारी करनी चाहिए।


