भास्कर न्यूज | अमृतसर गुरु की वडाली स्थित गुरुद्वारा बाबा जीवन सिंह में अमर शहीद बाबा जीवन सिंह जी का शहीदी दिवस मनाया । इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत ने गुरुद्वारे में माथा टेका और उनके बलिदान को स्मरण किया। कार्यक्रम में विशेष रूप से आम आदमी पार्टी एससी विंग अमृतसर के जिला प्रधान डॉ. इंद्र पाल ने शिरकत की। उनके साथ मानिक अली भी मौजूद रहे। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से दोनों अतिथियों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान शब्द-कीर्तन और अरदास के माध्यम से बाबा जीवन सिंह जी की शहादत को याद किया गया। वक्ताओं ने बाबा जीवन सिंह जी के जीवन और बलिदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने गुरु घर और धर्म की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन साहस, त्याग और सेवा की मिसाल है, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। शहीदी दिवस कार्यक्रम में बाबा धार सिंह, बाबा तारा सिंह, सन्नी वडाली, जग्गीर सिंह वडाली, पतविंदर सिंह नेता वडाली, हीरा वडाली सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कई सदस्य उपस्थित रहे।


