गुरु को 70 किलो लड्डुओं से तौलकर किया सम्मान

भास्कर न्यूज | बालोद शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सांकरा (ज) में सम्मान एवं विदाई समारोह हुआ। विद्यालय में वर्षों तक व्याख्याता के रूप में सेवाएं दे चुके घनाराम देशमुख को उनके ही शिष्य रामा देशमुख ने करीब 70 किलो बूंदी के लड्डुओं से तौलकर सम्मानित किया। रामा देशमुख ने करीब छह माह पहले घोषणा की थी कि यदि उनके गुरु घनाराम देशमुख प्राचार्य बनेंगे, तो वे उन्हें लड्डुओं से तौलकर सम्मानित करेंगे। जैसे ही घनाराम देशमुख के प्राचार्य पद पर पदोन्नत होने की सूचना मिली, रामा ने अपने वादे को निभाने की तैयारी शुरू कर दी। रामा देशमुख वर्ष 2004 से 2007 बैच के छात्र रहे हैं। खास बात यह है कि घनाराम देशमुख ने रामा के साथ-साथ उनके दोनों बड़े भाइयों संतोष देशमुख और योगेश्वर देशमुख को भी पढ़ाया था। रामा ने बताया कि पढ़ाई पूरी होने के बाद भी गुरुजी से उनका रिश्ता कभी नहीं टूटा। व्यवसाय में व्यस्त रहने के बावजूद वे समय-समय पर उनसे मार्गदर्शन लेते रहे। सम्मान से अभिभूत प्राचार्य घनाराम देशमुख ने कहा कि एक गुरु के लिए इससे बड़ी कोई दक्षिणा नहीं हो सकती कि उसका शिष्य जीवन भर उसे सम्मान और आदर के साथ याद रखे। रामा देशमुख एक आदर्श शिष्य हैं। उनका यह व्यवहार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि रामा देशमुख इससे पहले भी ऐसे अनूठे सम्मान कर चुके हैं। गत वर्ष प्राचार्य कौमार्य के सेवानिवृत्ति अवसर पर उन्हें नारियल से तौला गया था। वहीं, वर्तमान प्राचार्य एनके गौतम के सेवानिवृत्ति पर भी नारियल से तौलने की घोषणा की जा चुकी है। रामा देशमुख जगन्नाथपुर में किराना व्यवसाय से जुड़े हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *