भास्कर न्यूज | लुधियाना रामगढ़िया गर्ल्स कॉलेज में शुक्रवार को वेद प्रचार मंडल पंजाब द्वारा एक भव्य अंतर-महाविद्यालय वैदिक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मंडल के संस्थापक सदस्य स्वर्गीय कुंदन लाल शर्मा की पावन स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम में पंजाब भर के 25 महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान युवाओं ने वेदों की प्राचीन शिक्षाओं को आधुनिक जीवन का आधार बताते हुए वर्तमान वैश्विक चुनौतियों और सामाजिक समस्याओं पर अपने प्रभावशाली विचार साझा किए। समारोह का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि मेयर इंदरजीत कौर, अनिल जैन और दर्शन अरोड़ा ने दीप प्रज्वलित कर किया। मेयर इंदरजीत कौर ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए वैदिक संस्कृति का अनुसरण करना अनिवार्य है। रामगढ़िया एजुकेशनल काउंसिल के प्रधान रणजोध सिंह ने युवाओं से नैतिक मूल्यों को अपनाने और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोबिंदगढ़ पब्लिक कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. नीना सेठ पजनी ने की, जिन्होंने वेदों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने को सामूहिक जिम्मेदारी बताया। प्रतियोगिता के परिणामों में गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज मॉडल टाउन की शीतल ने अपनी वाकपटुता के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया। रामगढ़िया गर्ल्स कॉलेज की प्रकृति कुमारी दूसरे और एससीडी सरकारी कॉलेज की हरनीत कौर तीसरे स्थान पर रहीं। इसके अतिरिक्त जसप्रीत कौर और पूजा को सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया। सभी विजेताओं को नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस विशेष अवसर पर प्रांतीय महासचिव रोशन लाल आर्य और प्रिंसिपल डॉ. अजीत कौर ने अतिथियों को सत्यार्थ प्रकाश की प्रतियां भेंट कीं।


