श्री गुरु नानक देव जी के अदब और सत्कार के विरुद्ध कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के मामले में श्री अकाल तख्त साहिब ने सख्त रुख अपनाया है। यह मामला बीते दिनों एक गुरमत समागम के दौरान सामने आया, जहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन हजूरी में गुरु साहिब के सम्मान के खिलाफ टिप्पणियां किए जाने का आरोप लगा है। इस गंभीर प्रकरण को लेकर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज के आदेशानुसार बरनाला निवासी गुरजंट सिंह को तलब किया गया है। गुरजंट सिंह को 9 फरवरी 2026 को सुबह 10 बजे श्री अकाल तख्त साहिब की सचिवालय में व्यक्तिगत रूप से पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान उन्हें अपना लिखित स्पष्टीकरण जत्थेदार साहिब के समक्ष प्रस्तुत करना होगा। गुरुओं के सम्मान पर कोई समझौता नहीं श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से स्पष्ट किया गया है कि किसी भी व्यक्ति को यह अधिकार नहीं है कि वह सिख गुरुओं, विशेष रूप से श्री गुरु नानक देव जी जैसे अत्यंत सम्मानित गुरु साहिबान के अदब और मर्यादा के विरुद्ध कोई भी टिप्पणी करे या उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने का प्रयास करे। स्पष्टीकरण के बाद होगी अगली कार्रवाई तख्त साहिब ने दो टूक शब्दों में कहा है कि इस तरह के कृत्य न केवल सिख मर्यादा के खिलाफ हैं, बल्कि पूरे खालसा पंथ की भावनाओं को आहत करते हैं। ऐसे व्यवहार को श्री अकाल तख्त साहिब और समूचा सिख समुदाय किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। अब सबकी निगाहें 9 फरवरी को होने वाली पेशी पर टिकी हैं, जहां गुरजंट सिंह द्वारा दिए जाने वाले स्पष्टीकरण के बाद श्री अकाल तख्त साहिब आगे की कार्रवाई पर निर्णय लेगा।


