गुरूर जनपद चुनाव में रोचक मुकाबला:15 साल से कब्जा जमाए बैठे पूर्व गृह मंत्री के भतीजे को भाजपा ने दी चुनौती

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। गुरूर जनपद पंचायत के वार्ड क्रमांक 6 से एक दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है, जहां भाजपा ने अपने नेता दुर्गानंद साहू को मैदान में उतारा है। वे प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू के भतीजे तोषण साहू से टक्कर लेंगे, जो पिछले 15 वर्षों से इस सीट पर काबिज हैं। भाजपा ने पूरे जिले में जिला पंचायत और जनपद पंचायत के सभी पदों के लिए उम्मीदवार उतारे हैं, हालांकि जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 14 को अभी तक स्वतंत्र छोड़ा गया है। जनपद पंचायत का वार्ड क्रमांक 6 हाई प्रोफाइल सीट मानी जा रही है, जहां कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेस पर लगाया गंभीर आरोप दुर्गानंद साहू ने विपक्षी दल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले कार्यकाल में जनपद और जिला स्तर पर कमीशनखोरी का बोलबाला रहा। उन्होंने जनता से बदलाव का आह्वान करते हुए कहा कि इस बार लोगों ने परिवर्तन का मन बना लिया है। भाजपा नेता ने कहा कि जब केंद्र और राज्य में पार्टी की सरकार है, तो अब गांव और शहर में भी भाजपा की सरकार बनाना है। दोनों प्रमुख दलों के कार्यकर्ता अपने-अपने उम्मीदवारों के साथ नामांकन दाखिल कर रहे हैं। स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम क्षेत्र की राजनीतिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *