गुलाबगंज के ग्रामीण क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक:वायरल वीडियो के बाद वन विभाग अलर्ट, किसानों ने पकड़ने की मांग

विदिशा जिले के गुलाबगंज क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में तेंदुए की मौजूदगी से दहशत फैल गई है। शनिवार को एक तेंदुए का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसके बाद वन विभाग अलर्ट हो गया है। विभाग ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए की उपस्थिति की पुष्टि की है। यह वीडियो शुक्रवार रात गुलाबगंज-विदिशा रोड पर ग्राम हाथियाखेड़ा के पास का है। कार से गुजर रहे लोगों ने सड़क पर घूमते हुए एक जंगली जानवर का वीडियो बनाया था। वीडियो में दावा किया गया कि जानवर चक्क खेजड़ा की ओर नाले में उतर गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम रात में ही मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू की। तेंदुए की आवाजाही बनी हुई है
जिले में पिछले कुछ महीनों से तेंदुए की आवाजाही बनी हुई है। बीते दिनों तेंदुए ने बछड़ों, गायों और बकरियों का शिकार किया है। कुछ समय पहले एक गोशाला में घुसकर भी तेंदुए ने एक गाय को अपना निशाना बनाया था। वर्तमान में खेती का सीजन चल रहा है और रात में बिजली मिलने के कारण किसानों को खेतों में रुकना पड़ता है। तेंदुए की मौजूदगी की खबर से किसान दहशत में हैं और वन विभाग से इसे पकड़ने की मांग कर रहे हैं। वन मंडलाधिकारी हेमंत यादव ने इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है। छोटे-छोटे जंगल होने के कारण तेंदुआ एक स्थान से दूसरे स्थान की ओर विचरण कर रहा होगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि तेंदुए द्वारा मवेशी पर हमला करने की स्थिति में अपनी जान जोखिम में न डालें। वन विभाग द्वारा मवेशी के शिकार पर नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *