धौलपुर में राजस्थान सरकार के सड़क सुरक्षा अभियान के तहत परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने गुलाब बाग चौराहे पर वाहन सवारों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने दुपहिया वाहन सवारों को गुलाब का फूल देकर हेलमेट पहनने की अपील की। वहीं, चार पहिया ड्राइवरों से सीट बेल्ट लगाने का आग्रह किया। परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने बताया कि यातायात नियमों का पालन जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि देश में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से विभाग प्रतिवर्ष सड़क सुरक्षा अभियान चलाता है। यादव ने जोर दिया कि नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि अभिभावक अपने बच्चों को बचपन से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेंगे, तो वे भविष्य में सुरक्षित नागरिक बन सकेंगे। इस दौरान वाहन ड्राइवरों को यातायात नियमों से संबंधित ब्रोशर भी वितरित किए गए। इस अभियान में परिवहन निरीक्षक दीपक शर्मा, जिला यातायात प्रभारी बलविंदर सिंह और अन्य यातायात पुलिसकर्मियों ने भी भाग लिया। जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने पिछले 15 दिनों में एक व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया। परिवहन निरीक्षक गौरव शर्मा ने बताया कि इस दौरान एक जागरूकता रथ ने 3167 किलोमीटर की यात्रा की। रथ ने बाड़ी, बसेड़ी, सरमथुरा, मनियां, राजाखेड़ा, बसई नवाब, सैपऊ और दिहौली सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। विभाग के अनुसार, यह अब तक का सबसे बड़ा जागरूकता कार्यक्रम रहा है।


