गृह मंत्री अमित शाह का हिमाचल दौरा रद्द:खराब मौसम के चलते टला; SSB ट्रेनिंग सेंटर के स्थापना दिवस में होना था शामिल

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हिमाचल प्रदेश का दौरा रद्द हो गया है। उन्हें आज (20 दिसंबर) कांगड़ा जिले के सपड़ी स्थित सशस्त्र सीमा बल (SSB) ट्रेनिंग सेंटर के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था। हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू खुद सपड़ी पहुंचकर गृह मंत्री का स्वागत करने वाले थे। भाजपा नेता और पूर्व मंत्री राकेश पठानिया का कहना है कि गृह मंत्री का दौरा खराब मौसम के कारण रद्द हुआ है। हांलाकि अभी गृह मंत्री का दौरा रद्द होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अमित शाह के दौरे के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से ज्वालामुखी सब डिवीजन में आज एयरो-स्पोर्ट्स और सभी प्रकार की हवाई गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया था। इनके दौरे को देखते हुए पैराग्लाइडिंग, ड्रोन उड़ान, हॉट एयर बैलूनिंग सहित सभी एयरो-स्पोर्ट्स गतिविधियों पर पूरी तरह प्रतिबंधित थी। यह फैसला वीवीआईपी सुरक्षा, सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर लिया गया। जिला प्रशासन और हिमाचल बीजेपी ने भी उनके दौरे के लिए तैयारियां कर ली थी। अब अचानक शाह का दौरा रद्द होने से बीजेपी कार्यकर्ताओं में मायूसी है। इससे पहले उन्हें शुक्रवार शाम चंडीगढ़ आना था। वहां रात्रि ठहराव के बाद शनिवार सुबह हिमाचल के लिए रवाना होते। मगर, गृह मंत्री शाह चंडीगढ़ ही नहीं पहुंचे। सीएम उठा सकते थे 1500 करोड़ के पैकेज का मुद्दा
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू खुद गृह मंत्री शाह का आगमन करने वाले थे। वे उनके सामने हिमाचल से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाने वाले थे। खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आपदा राहत के लिए घोषित 1500 करोड़ रुपए के विशेष पैकेज को शीघ्र जारी करने की मांग कर सकते थे, पीएम मोदी ने इस पैकेज की घोषणा बीते 9 सितंबर को धर्मशाला दौरे के दौरान की थी। लेकिन ढाई महीने बाद भी यह राशि जारी नहीं हुई। पीएम के बाद 7 केंद्रीय मंत्री भी प्रदेश के अलग अलग क्षेत्रों में आपदा का जायजा लेने पहुंचे थे। केंद्रीय अधिकारियों की टीमें भी 2 बार हिमाचल आकर इसका जायजा ले चुकी है। मगर अब तक केंद्र की ओर से राहत राशि जारी नहीं की गई। ऐसे में हिमाचल को अमित शाह के दौरे से राहत राशि मिलने की आस बंधी थी। सपड़ी में यातायात पर लगाए गए थे प्रतिबंध
गृह मंत्री के कार्यक्रम के दौरान सपड़ी क्षेत्र में यातायात प्रतिबंध करने का फैसला लिया गया था। 20 दिसंबर को सुबह 11:15 से मुख्य अतिथि के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने तक और दोपहर 2 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रखने के ऑर्डर थे। इस दौरे को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने शहर में जगह-जगह पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह के पोस्टर लगाए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *