ग्वालियर में दो महीने पहले आधी रात को गैंगवार की घटना सामने आई थी। वर्चस्व और पांच लाख रुपए के लेन-देन को लेकर बदमाश रिंकू कमरिया गैंग ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। बदमाशों ने दोस्त को छोड़कर घर लौट रहे हवलदार के बेटे समेत दो युवकों पर करीब 15 मिनट में 35 से ज्यादा गोलियां चलाई थीं। इस हमले में हवलदार का बेटा सहित दो लोग घायल हो गए थे। यह घटना घासमंडी क्षेत्र के कोटेश्वर रोड पर हुई थी। इस मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश मनीष यादव को मंगलवार रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस गैंगवार के मास्टरमाइंड रिंकू कमरिया समेत 10 आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पकड़े गए आरोपी मनीष यादव पर ही फायरिंग करने का आरोप है। 1 आरोपी अब भी फरार ग्वालियर थाना प्रभारी टीआई शैलेन्द्र शर्मा ने बताया कि सूचना मिली थी कि हत्या के प्रयास के मामले में फरार इनामी बदमाश मनीष यादव घासमंडी चौराहा के पास देखा गया है। सूचना मिलते ही एसआई अजय सिंह सिकरवार, आरक्षक ब्रजकिशोर, अर्पण त्रिपाठी, नागर सिंह और अशोक गुर्जर की टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस को देखते ही इनामी बदमाश ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसे पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मनीष यादव पुत्र पलुआ उर्फ परमाल सिंह यादव, निवासी बुलबुलपुरा, मिर्जापुर, घासमंडी के रूप में हुई है। इस मामले में मास्टरमाइंड रिंकू कमरिया समेत 10 आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। फिलहाल इस केस में सिर्फ राहुल फौजी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। 35 से ज्यादा गोलियां चली थी दरअसल, शिवनगर घोसीपुरा, जनकगंज निवासी विजय सिंह गौड़ के पिता मध्यप्रदेश पुलिस में हवलदार हैं। दो महीने पहले रविवार रात विजय अपने दोस्त बल्लू सरदार और हाकिम सिंह बघेल पाटनकर के साथ कार से घासमंडी छोड़ने गया था। लौटते समय कोटेश्वर रोड पर बदमाश रिंकू कमरिया, अन्नी कमरिया, छोटू कमरिया, मनीष यादव, चेतन पांडेय, प्रियांशु, अन्नी उर्फ अनिल कमरिया, कालू कमरिया और रमेश कमरिया ने उन्हें घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। करीब 15 मिनट तक चली फायरिंग में 35 से अधिक गोलियां चलाई गईं, जिसमें विजय गौड़ को तीन और हाकिम सिंह को एक गोली लगी। वारदात के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए थे। पांच लाख रुपए के लेन-देन को लेकर था विवाद घायल विजय गौड़ ने पुलिस को बताया था कि यह हमला रिंकू कमरिया से पांच लाख रुपए के लेन-देन को लेकर हुआ था। कई बार रुपए मांगने के बावजूद रिंकू पैसा नहीं लौटा रहा था और धमकी दे रहा था कि दोबारा पैसे मांगे तो गोली मार देगा। रिंकू कमरिया ग्वालियर थाना क्षेत्र का लिस्टेड बदमाश है, जिस पर फायरिंग, मारपीट और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।


