पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां हरजीत कौर और ममेरे भाई करणवीर की हत्या के बाद गुस्साए परिजनों ने शनिवार को अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। परिवार ने दोनों शव बटाला बाइपास पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे अमृतसर-पठानकोट हाईवे पूरी तरह जाम हो गया। परिजनों का आरोप है कि हत्या की साजिश गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद सुखजिंदर रंधावा और एक शराब ठेकेदार ने मिलकर रची। जग्गू की चाची का दावा है कि उन्होंने चुनाव में रंधावा का विरोध किया था और शराब ठेकों में हिस्सेदारी से इनकार किया था। हमला उसी रंजिश का नतीजा है। करीब 4 घंटे तक प्रदर्शन के बाद पुलिस के आश्वासन पर परिवार पीछे हटा। पुलिस ने भरोसा दिया कि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई होगी और जिनके नाम शिकायत में दर्ज हैं, उन सभी की जांच की जाएगी। इसके बाद हाईवे को खोल दिया गया। दूसरी तरफ कुख्यात शार्पशूटर रहे दविंदर बंबीहा के गैंग ने गैंगस्टर भगवानपुरिया की मां की हत्या कराने से इनकार किया है। उन्होंने इस बारे में पोस्ट डालकर कहा कि माताएं सबकी साझी होती हैं, ये बहुत गलत हुआ है। वहीं जग्गू भगवानपुरिया के नाम से भी सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई है, जिसमें कहा गया कि हमने कभी किसी दुश्मन के परिवार को टारगेट नहीं किया लेकिन हमें कोई गलत न कहे, अब हद पार हो चुकी है। सबसे पहले हत्या का CCTV फुटेज देखिए… गैंगस्टर की चाची ने सांसद-ठेकेदार के खिलाफ शिकायत में क्या कहा… कैसे हुई हत्या: बाइक पर आए 2 युवक, ताबड़तोड़ फायरिंग की
घटना गुरुवार रात 9.07 बजे बटाला के अर्बन एस्टेट इलाके की है। हरजीत कौर करणवीर के साथ गाड़ी में आई थीं। ड्राइविंग सीट पर करणवीर मौजूद था, जबकि हरजीत साथ वाली सीट पर बैठी हुई थीं। इसी दौरान 2 युवक कार की ड्राइविंग सीट की तरफ आए और फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग करके युवक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। करणवीर भिखीवाल का रहने वाला था। जग्गू की मां हरजीत कौर बटाला में किराए के घर में अकेले रह रही थी। जग्गू असम की जेल में बंद है, जबकि दूसरा बेटा विदेश में बसा हुआ है। वहीं बेटी की शादी हो चुकी है। हत्या को लेकर बंबीहा गैंग के नाम से 2 सोशल मीडिया पोस्ट… 1. पहले में जिम्मेदारी ली: हत्या के बाद सोशल मीडिया पर गोपी घनशंपुरिया ग्रुप के नाम की ID से पोस्ट डाली गई, जिसमें बंबीहा गैंग से जुड़े 3 गैंगस्टरों द्वारा यह वारदात करने की जिम्मेदारी ली गई। इसमें कहा गया था- सत श्री अकाल मेरे सच्चे वीर को, जो बटाला में करणवीर का कत्ल हुआ है, इसकी जिम्मेदारी मैं डोनी बल बिल्ला मांगा, प्रभू दासूवाल और कौशल चौधरी लेते हैं। यह जग्गू भगवानपुरिया का सारा काम संभालता था। ये भगोड़ा व्यक्ति जग्गू के हथियार और पैसे संभालता था पोस्ट में आगे लिखा- आज हमने इसे मार कर अपने भाई गोरे बरियार की हत्या का बदला लिया। जबकि इसे पता था कि गोरे का हमारे साथ कोई लेना देना नहीं था। पर आज हमने जायज हत्या की है और आगे से हमारा कोई भाई नाजायज मरता है, तो यह भुगतान के लिए तैयार रहें। जो भी हमारे बारे में बोल हैं, वे भी तैयार रहें। वाहेगुरु महर करे। बता दें कि इस पोस्ट में जिस गोरे परिवार का जिक्र है, उसकी पिछले महीने हत्या कर दी गई थी। दरअसल, मई महीने में घुमान में गोरा बरियार (32) निवासी गांव बरियार और बलजिंदर सिंह बिल्ला निवासी गांव मंडियाला अपनी कार में एक पेट्रोल पंप के बाहर खड़े थे। इस दौरान कार में आए कुछ बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दी थीं। फायरिंग में गोरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बिल्ला गंभीर रूप से घायल हो गया था। बंबीहा गैंग की पहली पोस्ट.. 2. दूसरी पोस्ट में लिखा: हम इससे सहमत नहीं, हमने नहीं किया
इसके बाद सोशल मीडिया पर दविंदर बंबीहा ग्रुप की ID पर डाली नई पोस्ट में लिखा- जो बटाला में माता का मर्डर हुआ, ये बहुत गलत हुआ है। माताएं सभी की साझी होती हैं, चाहे दुश्मन हो या दोस्त। इस चीज से हम बिल्कुल भी सहमत नहीं कि हम आपसी रंजिश का दोष किसी के परिवार को दें। पोस्ट में आगे लिखा कौशल चौधरी हमारा भाई है, वो ऐसा काम कभी नहीं करवा सकता। ये परिवार सभी के साझे होते हैं। माता का सुनकर बहुत दुख लगा। जिसमें उनका कोई कसूर नहीं, जो भी हुआ, जिसने भी किया, बहुत गलत किया। परमात्मा उन्हें अपने चरणों में निवास दें। जग्गू भगवानपुरिया गैंग ने कहा- परिवार टारगेट करना गलत
जग्गू भगवानपुरिया के नाम से शेयर की गई पोस्ट में कहा गया कि बीती रात हमारे भाई करन और हमारी माता की हत्या कर दी गई। ये घटना बहुत गलत थी। हमारी जो भी दुश्मनी है, वो एक दूसरे के साथ है, ना कि किसी के परिवार के साथ। मां बाप सब के आम लोगों की तरह होते हैं। कोई जो मर्जी कहे, मगर किसी के मां बाप का कोई कसूर नहीं होता। मां बाप चाहे दुश्मन के हों या हमारे खुद के। हमने आज तक जितने भी कत्ल किए, वह हमारे जैसे लोग थे। मारा गया कोई भी व्यक्ति आम व्यक्ति नहीं था। मगर परिवारों को टारगेट करना, हर जगह से गलत है। इन्हीं बदमाशों ने कुछ समय पहले एक 11 साल के बच्चे की हत्या कर दी थी। हमारे भाइयों की आगे भी कत्ल हुए हैं, मगर किसी का बदला लेने के लिए हमने किसी भी दुश्मन का परिवार नहीं टारगेट किया। मगर आज वो समय नहीं है कि मैं किसी को धमकी दूं, क्योंकि आज मेरी मां और मेरे भाई की मौत हुई है। मेरी मां ने मेरे लिए बहुत तंगी देखी है, उसका कर्ज मैं कभी नहीं चुका सकता। आज मैं अपने बाप को भी याद कर रहा हूं, मेरी आंखों में पानी है। पोस्ट के आखिर में लिखा गया- अब हमें कोई गलत न कहे, क्योंकि अब हद पार हो चुकी है। मिस यू मॉम। असम की जेल में बंद है जग्गू भगवानपुरिया
जग्गू भगवानपुरिया गुरदासपुर के भगवानपुर का रहने वाला है। उसके खिलाफ हत्या, फिरौती, ड्रग्स और हथियारों की तस्करी और गैंगवार से जुड़े अब तक 128 केस दर्ज हैं। पंजाब सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या मामले में भी जग्गू भगवानपुरिया का नाम सामने आया था। इस घटना में उसने गैंगस्टर लॉरेंस का साथ दिया था। इसके बाद दोनों गैंगस्टर एक-दूसरे के जानी दुश्मन बन गए। तरनतारन की गोइंदवाल जेल में गैंगवार हुई थी। इस दौरान जग्गू के साथी मनदीप तूफान और मोहना मानसा का मर्डर हुआ। लॉरेंस के करीबी गोल्डी बराड़ ने पोस्ट डालकर इसकी जिम्मेदारी ली थी। तब से ही दोनों में दुश्मनी बढ़ गई है। जग्गू को मार्च 2025 में बठिंडा की जेल से असम के सिलचर में शिफ्ट किया गया था। —————————– ये खबरें भी पढ़ें :- SAD नेता मजीठिया के केस में जांच तेज, ED के पूर्व डिप्टी-डायरेक्टर विजिलेंस के सामने पेश होने पहुंचे पंजाब में चर्चित आय से अधिक संपत्ति मामले में शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ जांच तेज हो गई है। इस सिलसिले में ED के पूर्व डिप्टी डॉयरेक्टर निरंजन सिंह विजिलेंस विभाग के कार्यालय में पेश होने के लिए पहुंच गए हैं। इससे पहले कल पंजाब के पूर्व डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय को भी विजिलेंस द्वारा पूछताछ के लिए बुलाया गया था। (पढ़ें पूरी खबर) पंजाब में गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां-बॉडीगार्ड की हत्या:10 गोलियां मारीं; लॉरेंस विरोधी बंबीहा गैंग से जुड़े हरियाणा के गैंगस्टरों ने जिम्मेदारी ली पंजाब के गुरदासपुर में लॉरेंस गैंग से जुड़े रहे कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां और बॉडीगार्ड की हत्या कर दी गई। गुरुवार रात करीब 9 बजे गैंगस्टर की मां हरजीत कौर (52) और बॉडीगार्ड करणवीर सिंह (29) घर के बाहर गाड़ी में मौजूद थे, तभी बाइक पर आए 2 हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। पढ़ें पूरी खबर… हरियाणा का गैंगस्टर, जिसने भगवानपुरिया की मां का मर्डर कराया:लॉरेंस का कट्टर दुश्मन, बंबीहा गैंग ऑपरेट कर रहा, गुरुग्राम जेल में बंद, पत्नी लेडी डॉन पंजाब में गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां और बॉडीगार्ड की हत्या के बाद हरियाणा का गैंगस्टर कौशल चौधरी सुर्खियों में है। हत्या की जिम्मेदारी लेने की जो पोस्ट सोशल मीडिया में डाली गई है, उसमें कौशल चौधरी का भी नाम है। कौशल गुरुग्राम के नाहरपुर रूपा गांव का रहने वाला है। पढ़ें पूरी खबर…


