गैर निर्वाचन संबंधी कार्य देने से BLO’s में नाराजगी:OBC सर्वे से हटाने की मांग को SDM को ज्ञापन सौंपा

खंडार उपखंड में कार्यरत समस्त बूथ लेवल अधिकारी (BLO) इन दिनों अतिरिक्त कार्यभार को लेकर भारी दबाव में नजर आ रहे हैं। BLO’s ने निर्वाचन संबंधी कार्यों के अलावा अन्य गैर-निर्वाचन कार्यों में लगाए जाने पर आपत्ति जताते हुए गुरुवार को उपखंड अधिकारी खंडार वर्षा मीणा को सामूहिक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से BLO’s ने उन्हें OBC सर्वे जैसे कार्यों से तत्काल हटाने की मांग की है। गैर निर्वाचन कार्यों में लगाने का विरोध BLO’s का कहना है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों में यह स्पष्ट किया गया है कि BLO को केवल निर्वाचन से जुड़े प्राथमिक कार्यों में ही लगाया जाना चाहिए। इनमें मतदाता सूची का पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ना, अपात्र मतदाताओं के नाम हटाना, आधार लिंकिंग एवं अन्य चुनावी प्रक्रियाएं शामिल हैं। इसके बावजूद खंडार उपखंड में BLO’s को OBC सर्वे जैसे गैर-निर्वाचन कार्यों में लगाया जा रहा है। बोले- मानसिक और शारीरिक दबाव भी बढ़ रहा ज्ञापन में बताया कि OBC सर्वे का कार्य अत्यंत समय लेने वाला है, जिससे निर्वाचन आयोग द्वारा सौंपे गए महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। BLO’s ने बताया कि एक ही समय में निर्वाचन कार्य और सर्वे कार्य का दायित्व दिए जाने से न केवल कार्य की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, बल्कि मानसिक और शारीरिक दबाव भी बढ़ रहा है। BLO’s ने यह भी बताया कि आगामी चुनावों को देखते हुए मतदाता सूची का शुद्धिकरण और अद्यतन कार्य अत्यंत संवेदनशील है। यदि समय पर और पूरी गंभीरता से यह कार्य नहीं हुआ, तो इसका सीधा असर चुनावी प्रक्रिया पर पड़ सकता है। BLO’s ने उपखंड अधिकारी से मांग की है कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए खंडार उपखंड के सभी BLO’s को OBC सर्वे के कार्य से तत्काल मुक्त किया जाए, ताकि वे पूरी निष्ठा और समयबद्ध तरीके से निर्वाचन कार्य संपन्न कर सकें। क्या है OBC सर्वे सरकार की ओर से OBC में सम्मिलित जातियों के सर्वे करवाने के आदेश दिए हैं। जिसमें इन जातियों की शैक्षणिक, आर्थिक हालत का सर्वे करना है। इस काम में अन्य जगह पटवारी की ड्यूटी लगाई गई है‌। जबकि यहां BLO’s की ड्यूटी लगाई गई है। जिसका BLO’s विरोध कर रहे हैं। इनपुट- सागर सैनी खंडार।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *