नागौर जिले के खरनाल बस स्टैंड गैस की टंकियों से भरी एक पिकअप गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। पिकअप की रफ्तार तेज होने के कारण वह संतुलन खो बैठी और सीधे सड़क किनारे खड़े राहगीरों से जा टकराई। इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए घायलों को संभाला और सूचना देकर 108 एम्बुलेंस की सहायता से सभी को नागौर के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया।हादसे के बाद घटना स्थल पर पिकअप में भरे सिलेंडर चारों तरफ बिखर गए।
गाय को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
घटनाक्रम के अनुसार पिकअप गोगेलाव से खरनाल की तरफ जा रही थी। जैसे ही वाहन खरनाल बस स्टैंड के समीप पहुंचा, अचानक सड़क पर एक गाय सामने आ गई। ड्राइवर ने गाय को बचाने के लिए तेजी से कट मारा जिससे पिकअप असंतुलित होकर पलट गई। इस दौरान वहां बस के इंतजार में खड़े एक रिटायर्ड फौजी और उनकी पत्नी भी वाहन की चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलने पर नागौर सदर थानाधिकारी सुरेश कुमार कंस्वा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना कर घटना की जानकारी ली।
जोधपुर रेफर किए गए तीन घायल
नागौर सदर थानाधिकारी सुरेश कुमार कंस्वा ने घायलों की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में कुल चार लोग घायल हुए हैं। घायलों में पिकअप ड्राइवर नरसी राम (25) निवासी झाड़ेली, गोगेलाव से लिफ्ट लेकर सवार हुआ विक्की (25), रिटायर्ड फौजी रघुनाथ राम (55) और उनकी पत्नी परमा देवी (52) शामिल हैं। जेएलएन अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद विक्की, रघुनाथ राम और परमा देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया है। घायलों में विक्की की हालत सबसे अधिक चिंताजनक बनी हुई है।
अभी तक किसी प्रकार का मामला दर्ज परिजनों की तरफ से नहीं करवाया गया है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


