गोगुंदा में एक ही रात में सात जगह ताले तोड़े:CCTV में कैद हुए चोर तालाब की तरफ भागे, कस्बे में दहशत का माहौल

उदयपुर जिले के गोगुंदा कस्बे में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने एक ही रात में सात जगह ताले तोड़े। चोर सीसीटीवी कैमरें में कैद हो गए। गोगुंदा के मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र में नकाबपोश चोरों ने तीन दुकानों, तीन हाथ लारियों तथा एक सूने मकान के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रात करीब 1:30 बजे चोर बस स्टैंड पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने खूबीलाल पुत्र भगवान लाल तेली की दुकान का ताला तोड़ा। इसके बाद राम सिंह राजपूत की किराना दुकान तथा पास ही स्थित ओम जनरल स्टोर के ताले तोड़े गए। इसके बाद चोर स्कूल के बाहर लगी हाथ लारियों की ओर पहुंचे। उन्होंने रोशन वेद की दुकान के सामने लगी आलू–पंराठा विक्रेता सोहनलाल गणेश लाल लोहार की हाथ लारी का ताला तोड़ा। इसके बाद पास ही भेरूसिंह की चाय की लारी का ताला तोड़कर चोरी की।वहीं समद खां की हाथ लारी के ताले तोड़कर चोर करीब 10 हजार रुपये से अधिक का किराना सामान चुरा कर ले गए। इसके बाद चोर तालाब की ओर गए, जहां उन्होंने मोतीलाल प्रजापत के सूने मकान के ताले तोड़े। एक ही रात में एक साथ सात स्थानों पर चोरी की वारदात से कस्बे में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा गोगुंदा पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों की तलाश की जा रही है। इनपुट : गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *