गोड्डा के ललमटिया ईसीएल फायरिंग-आगजनी मामले में दो गिरफ्तार:हथियार भी बरामद, आरोपियों ने रंगदारी वसूलने के लिए डोजर में लगा दी थी आग

गोड्डा जिले की ललमटिया ईसीएल परियोजना में फायरिंग और आगजनी के मामले का खुलासा हो गया है। पुलिस ने इस घटना में शामिल दो आरोपियों को दो दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान मो. आरिफ अंसारी (20) और मो. इम्तियाज अंसारी (33) के रूप में हुई है, जो ललमटिया थाना क्षेत्र के निवासी हैं। यह घटना ललमटिया थाना क्षेत्र स्थित ईसीएल परियोजना के ललघुटवा डंप साइड पर हुई थी, जहां अज्ञात अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से खड़ी मशीन (डोजर) पर फायरिंग की और आग लगा दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए, गोड्डा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। एसआईटी टीम ने मानवीय आसूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से 2 देशी कट्टा, एक खोखा, घटनास्थल से गोली का अग्र भाग (पिलेट), दो मोबाइल फोन और एक बिना रजिस्ट्रेशन की पल्सर बाइक बरामद हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। महागामा एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि अपराधियों का मुख्य मकसद खदान क्षेत्र में दहशत फैलाना और रंगदारी वसूलना था। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *