गोड्डा नगर परिषद के कर्मियों ने मंगलवार शाम को प्रशासन के खिलाफ आंदोलन की घोषणा की। कर्मचारियों ने नगर परिषद के पुराने भवन में एकत्र होकर अपनी मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति बनाई। कर्मचारियों का कहना है कि कार्यपालक पदाधिकारी आशीष कुमार ने पूर्व में लिखित और मौखिक समझौते किए थे, लेकिन अब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की गई हैं। इनमें दैनिक कर्मियों की बकाया बढ़ोतरी का एरियर सहित भुगतान शामिल है। साथ ही नियमित कर्मियों का बकाया वेतन और पीएफ की एकमुश्त भुगतान भी मांगों में है। 14 मई को काम करते हुए धरना देंगे कर्मचारी दैनिक कर्मियों की ईपीएफओ राशि का भुगतान और सेवानिवृत्त कर्मियों की बकाया पेंशन की मांग कर रहे हैं। नियमित कर्मियों को एससीपी का लाभ भी दिलाना चाहते हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि 12 मई 2025 तक मांगें नहीं मानी गईं तो 13 मई को मशाल जुलूस निकालेंगे। 14 मई को काम करते हुए धरना देंगे और 15 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।


