गोड्डा जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मेहरमा थाना क्षेत्र के अमजोरा पिरोजपुर गांव में पुलिस ने छापेमारी कर डेढ़ लाख रुपए मूल्य के अवैध गांजे के साथ दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 2 फरवरी को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार को सूचना मिली थी कि ग्राम अमजोरा पिरोजपुर निवासी कमल कुमार उर्फ कोको साह और राजेश कुमार, दोनों स्वर्गीय नंदकिशोर साह के पुत्र, अपने घर से ही गांजे की खरीद-बिक्री का अवैध धंधा चला रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पलंग पर बैठकर बना रहे थे गांजे की पुड़िया छापेमारी दल ने सूचना का सत्यापन करते हुए अमजोरा पिरोजपुर स्थित दोनों आरोपियों के घर पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी घबराने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि दोनों भाई घर के अंदर पलंग पर बैठकर गांजे की पुड़िया बना रहे थे। पुलिस ने मौके से 8.940 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से घर से ही गांजे का कारोबार कर रहे थे और आसपास के इलाकों में इसकी सप्लाई की जाती थी। मोबाइल, बाइक और तौल मशीन भी जब्त पुलिस ने गांजे के साथ-साथ उसके कारोबार में इस्तेमाल होने वाले कई सामान भी जब्त किए हैं। बरामद सामग्री में मोटोरोला कंपनी का एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन, चार नापतौल मशीन, एक हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल, छोटे पैकेट बनाने के लिए काले रंग का प्लास्टिक, परफेक्ट कंपनी के एक डिब्बे में बंद रोल और 23 खुले रोल, एक भूरे रंग का सेलो टेप और एक सफेद रंग का सेलो टेप शामिल है। इस संबंध में मेहरमा थाना में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। महागामा एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में अवैध गांजे के साथ पूरा नेटवर्क सामने आया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया जाता था और किन-किन लोगों तक इसकी आपूर्ति की जाती थी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


