लखनऊ में 1090 चौराहे के पास गोमती रिवर फ्रंट पर एलडीए 2 एकड़ क्षेत्रफल में मैरिज लाॅन बनाएगा। जहां शादी समारोह सहित सभी आयोजनों को किया जा सकेगा। ये निर्देश एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने रिवर फ्रंट के निरीक्षण के दौरान अफसरों को दिए। इसका निर्माण अवस्थापन निधि से करवाया जाएगा। 2 महीने के अंदर इसका काम शुरू होगा। एलडीए चीफ़ इंजिनियर अवनीन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि गोमती रिवर फ्रंट पर लगभग 65 लाख रूपये की लागत से पाथ-वे व ओपन एयर थियेटर 19 लाख रुपए की लागत से किचन और टाॅयलेट ब्लाॅक की मरम्मत करवाई जा रही है। इसके अलावा पेड़-पौधों की सिंचाई के लिए 2 करोड़ रुपए की लागत से स्प्रिंक्लर अंडरग्राउंड पाइप लाइन बिछाई जा रही है। इसके बाद वीसी ने वूमन पावर लाइन कार्यालय के सामने विकसित किये गये आर्चरी ग्राउंड का निरीक्षण किया। जहां जल्द अधूरे कामों को करने के निर्देश दिए। जनेश्वर मिश्र पार्क में इलेक्ट्रिक बोट चलेगी जनेश्वर मिश्र पार्क की झील में अभी तक पैडल बोट बोटिंग की सुविधा है। अब इलेक्ट्रिक बोट चलेगी। वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि 7 इलेक्ट्रिक बोट मंगा ली गयी हैं। इन इलेक्ट्रिक बोट में एक साथ पांच से सात लोग सैर कर सकते हैं। इसके अलावा पार्क में गेट नंबर-7 के पास ढ़ाई किलोमीटर लंबा सिंथेटिक ट्रैक बनाया जा रहा है। जिसे उपाध्यक्ष ने शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये। मौके पर अधिशासी अभियंता अजीत सिंह, मनोज सागर, उद्यान अधिकारी शशि भारती, सहायक अभियंता विशाल यादव, भगत सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।


