गोरखपुर में तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग:25 लाख का सामान जलकर राख, फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, दमकल की गाड़ियों ने बुझाई आग

गोरखपुर में एक तीन मंजिला इमारत में आग लग गई। देखते ही देखते आग इस कदर फैल गई कि बिल्डिंग में मौजूद कपड़े और ज्वैलरी की दुकानें भी आग की चपेट में आ गईं। वहीं, बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में कई लोग फंस गए। घटना कैंपियरगंज इलाके में देर रात की है। आग की लपटें बढ़ते देख पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई। पहले तो आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन जब कामयाबी नहीं मिली तो लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग
सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर टीम ने इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और दमकल की गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान करीब 25 लाख का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। दुकान का सारा सामान जलकर हुआ खाक
जब राहुल सर्राफा की दुकान से अचानक धुआं उठता देखा गया। देखते ही देखते आग ने पूरी तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकान में रखे सोने-चांदी के गहने और ऊपर की मंजिलों पर स्थित गारमेंट्स की दुकान का सारा सामान जलकर खाक हो गया। प्रभावित दुकानदारों ने बताया कि आग में लगभग 25 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। इमारत के अंदर रखे सामान का कुछ भी नहीं बचा। तीन मंजिला इमारत पूरी तरह से नष्ट हो गई। पुलिसकर्मी हुए घायल
आग की सूचना मिलते ही कैम्पियरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के मकानों को खाली कराया। आग बुझाने की कोशिश में पुलिसकर्मी विवेक कुमार घायल हो गए। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम के वक्त बाजार में चहल-पहल थी, तभी अचानक आग लगी। कुछ लोगों का अंदेशा है कि शॉर्ट सर्किट से यह हादसा हुआ होगा। घटना की गंभीरता को देखते हुए SDM रोहित मौर्य और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित दुकानदारों से बातचीत की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *