दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में चल रहे पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय महिला बास्केटबॉल टूर्नामेंट के तहत आज कुल सात मैच खेले गए। पूरे दिन खिलाड़ियों में जबरदस्त जोश और उत्साह देखने को मिला। कुछ मुकाबले एकतरफा रहे, जबकि कुछ मैच अंत तक बेहद रोमांचक बने रहे। आज का सबसे रोमांचक मुकाबला पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर और जाधवपुर विश्वविद्यालय, कोलकाता के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शुरू से ही कड़ा मुकाबला किया और स्कोर लगभग बराबर बना रहा। आखिरी क्वार्टर के अंतिम मिनटों में रायपुर विश्वविद्यालय ने बेहतर खेल दिखाते हुए 33-30 से जीत दर्ज की।
दिन का पहला मैच विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग और मणिपुर विश्वविद्यालय, इंफाल के बीच खेला गया। इस मुकाबले में हजारीबाग विश्वविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 31-20 से जीत हासिल की।
दूसरा मैच संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा और पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना के बीच खेला गया। यह मैच पूरी तरह एकतरफा रहा, जिसमें सरगुजा विश्वविद्यालय ने 35-5 के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।
तीसरे मैच में नेशनल स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय, मणिपुर और बर्दवान विश्वविद्यालय, पश्चिम बंगाल आमने-सामने थे। इस मुकाबले में बर्दवान विश्वविद्यालय ने शानदार खेल दिखाते हुए 37-5 से जीत हासिल की।
पांचवां मैच विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग और रावेंशा विश्वविद्यालय, कटक के बीच खेला गया। इसमें कटक विश्वविद्यालय की टीम ने 30-15 से जीत दर्ज की।
छठवां मुकाबला संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा और मेजबान दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के बीच हुआ। इस मैच में सरगुजा विश्वविद्यालय ने दमदार खेल दिखाते हुए 55-34 से जीत हासिल की।
आज का सातवां और अंतिम मैच बर्दवान विश्वविद्यालय, पश्चिम बंगाल और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी के बीच खेला गया। यह मुकाबला स्कोर के लिहाज से काफी रोमांचक रहा। काशी विद्यापीठ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 69-42 से जीत दर्ज की। इस मैच में काशी विद्यापीठ की प्रतिभा सिंह ने सर्वाधिक 21 अंक बनाए। उनकी साथी खिलाड़ी अन्नू उरांव ने 18 अंक का योगदान दिया। वहीं बर्दवान विश्वविद्यालय की ओर से लक्ष्मी मंडल ने 11 और प्रियंका घोष ने 8 अंक बनाए। टूर्नामेंट में लगातार रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं और आगे के मैचों को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह बना हुआ है।


