गोराघाट में कार सवार ने की फायरिंग, युवक घायल:मामूली विवाद के बाद घटना, पुलिस जांच में जुटी

दतिया के गोराघाट थाना क्षेत्र में मंगलवार रात मामूली विवाद के बाद कार सवार ने फायरिंग कर दी। इस घटना में एक युवक गोली के छर्रे लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए दतिया जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस ने बुधवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल युवक की पहचान रामेश्वर (32) पुत्र सिरनाम, निवासी तिलैथा गांव के रूप में हुई है। उसने पुलिस को बताया कि, वह अपने पिता के लिए दवा लेने तिलैथा बस स्टेंट पहुंचा था। इसी दौरान गोराघाट की ओर से एक सफेद रंग की कार आई। कार में बैठे व्यक्ति ने स्थानीय टैक्सी चालक बड़े उर्फ बीरेन्द्र रावत से अपनी टैक्सी हटाने को कहा। इसी बात पर बीरेन्द्र रावत, विशाल रावत और कार सवार व्यक्ति के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ता देख कार सवार युवक वाहन में बैठकर गोराघाट की ओर मुड़ गया। हालांकि, थोड़ी दूरी पर जाकर उसने अचानक कार से फायर कर दिया। गोली के छर्रे रामेश्वर के सिर और कंधे के पास लगे, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल दतिया पहुंचाया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। घायल के बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *