‘गोलू सर्जिकल ब्लेड से मेरा गला काटना चाहता था’:धमकाया था- शादी की तो मार डालूंगा, कानपुर में कलाई और चेहरे पर 13 वार किए

‘मेरी शादी तय होने से गोलू बौखला गया था। सर्जिकल ब्लेड से वह मेरा गला काटना चाहता था। जैसे ही उसने वार किया, मैं पीछे हट गई। ब्लेड से मेरा गाल कट गया। इसके बाद उसने मेरे बाल पकड़कर खींच लिए। गर्दन पर ब्लेड मारनी चाही। लेकिन मैंने अपना हाथ लगा लिया। जिससे मेरे हाथ पर गहरे घाव हो गए। वह मुझसे कहता था कि मुझसे बात करो। वरना मैं अपनी जान दे दूंगा। वह 25 दिनों से मुझे ब्लैकमेल कर रहा था।’ ये कहना है नजीराबाद थानाक्षेत्र के भदौरिया चौराहा इलाके में रहने वाली 24 वर्षीय लड़की का। गुरुवार सुबह करीब 4 बजे वह अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर पहुंची। उसके चेहरे और हाथों में 20 से अधिक टांके लगे हैं। दरअसल, बुधवार देर शाम लड़की घरों में काम करने जा रही थी। तभी लड़की के घर के पास एल्युमिनियम कारखाना में काम करने वाला गोलू आ गया। उसने लड़की को रोक लिया। कहा- मेरे साथ रोल खाने के लिए रेस्टोरेंट चलो। लड़की ने मना किया तो सर्जिकल ब्लेड से लड़की पर हमला कर दिया। मोहल्ले के लोगों ने उसे पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया। मैं जैसे ही पीछे मुड़ी वैसे ही गोलू ने हमला कर दिया पीड़ित लड़की ने दैनिक भास्कर एप टीम से से बात करते हुए कहा कि मेरे पापा टीबी की बीमारी से परेशान हैं। घर का खर्च चलाने के लिए मेरे दो भाई ठेला लगाते हैं। मैं और मेरी मां घरों में काम करते हैं। मेरे घर के पास ही एक एल्युमिनियम का कारखाना है। 2 साल से गोलू इसी कारखाने में काम करता है। वह मुझे आते-जाते देखता था। मोहल्ले में वह सभी से बात करता था। मोहल्ले में उसने कुछ दोस्त भी बना लिए थे। हम लोगों से भी वह बात करता था। उसने किसी तरह मेरा नंबर हासिल कर लिया। शुरू-शुरू में वह नॉर्मल बात करता था। फिर वह मुझे परेशान करने लगा। मुझ पर दबाव डालता। कहता था कि मुझसे बात करो, वरना मैं मर जाऊंगा। मैं तुमसे प्यार करता हूं। लेकिन मैंने उसे समझाया। वह नहीं माना। 28 जनवरी की शाम मैं मोहल्ले में स्थित गुप्ता आटा चक्की के पास स्थित एक मकान में काम करने जा रही थी। तभी गोलू शराब के नशे में धुत होकर मेरे पास आया। बोला कि मेरे साथ रोल खाने के लिए रेस्टोरेंट चलो। उसने मेरे चेहरे पर कई वार किए, मैं जमीन पर गिर पड़ी गोलू ने मुझसे कहा कि रेस्टोरेंट चलो, साथ में रोल खाएंगे। मगर मैंने मना कर दिया। इसके बाद मैं जाने लगी। फिर वह मुझसे बोला कि इधर देखो। मैं पीछे मुड़ी तभी गोलू ने सर्जिकल ब्लेड से वार कर दिया। उसने गले पर वार करना चाह, मगर मैं पीछे हट गई। लेकिन मेरा चेहरा कट गया। मैं चीखी और भागने लगी। तभी उसने पीछे से मेरे बाल पकड़ लिए और घसीट लिया। उसने गर्दन पर वार करने की कोशिश की। मगर मैंने हाथ लगा दिया। इसके बाद उसने एक के बाद एक कई वार मेरे हाथ और चेहरे पर किए। मैं चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ी। लड़की ने बताया कि गोलू मुझे करीब 25 दिनों से परेशान कर रहा था। मैंने उससे कहा कि मेरी शादी तय हो गई है। 7 फरवरी को मेरी शादी होनी है। मैंने उससे कहा कि मैं तुमसे बात नहीं करूंगी। लेकिन वह नहीं माना। मेरी शादी तय होने की बात सुनकर वह बौखला गया था। वाट्सऐप पर मुझे मैसेज करता। उसमें गालियां लिखता था। मैंने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था। अब बड़ी बहन की बात, पढ़िए –
गोलू मैसेज करता और भद्दी-भद्दी गालियां देता पीड़िता की बड़ी बहन ने बताया कि मेरी सिस्टर को आरोपी गोलू को अक्सर फोन करता था। परेशान होकर मेरी छोटी बहन ने उसका नंबर मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। लेकिन वह अलग–अलग नंबरों से कॉल करने लगा। सभी नंबर मेरी बहन ने ब्लॉक कर दिए। पिछले 25 दिनों से वह तीन नंबरों से कॉल तो कभी मैसेज कर मेरी बहन को फोन कर रहा था। जिसमें से एक नंबर आरोपी की मां का है। जब मेरी बहन ने उसके नंबर ब्लॉक करने शुरू कर दिए तो गोलू ने वाट्सएप मैसेज पर जान से मारने की धमकियां दीं। गालियां दीं। हम लोगों ने सोचा कि आज नहीं तो कल आरोपी गोलू सुधर जाएगा, लेकिन यह नहीं पता था कि बात मेरी बहन की जान तक पहुंच जाएगी। पीड़िता की मां ने क्या कहा, वो पढ़िए- गोलू ने कहा था कि अगर शादी की तो जान से मार डालूंगा पीड़िता की मां ने बताया कि करीब 2 माह पहले हमने बेटी की शादी तय कर दी थी। जिसकी जानकारी होने के बाद आरोपी बेटी को अक्सर धमकी देता था। वह बेटी को मैसेज और फोन के जरिए धमकाता था। कहता था कि अगर शादी की तो जान से मार डालूंगा। उसने जो कहा था कि वह जो कह रहा है वह कर के दिखाएगा। इस घटना के बाद से मेरा पूरा परिवार डरा हुआ है। कहीं गोलू जेल से आने के बाद बेटी को मार न डाले। घटना की जानकारी पर पीड़िता के होने वाले ससुरालीजन भी उसका हाल–चाल जानने के लिए घर पहुंचे। डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *