अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल सिख धर्म का पवित्र तीर्थ स्थल है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु प्रतिदिन मत्था टेकने पहुंचते हैं। गुरु घर के प्रति अटूट श्रद्धा और समर्पण की भावना से प्रेरित होकर संगत समय-समय पर अपनी किरत कमाई में से दसवंध निकालकर सेवा में अर्पित करती है। इसी पावन भावना के तहत मुंबई की संगत ने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए गोल्डन टेंपल में पांच अत्याधुनिक पंखे भेंट किए हैं। भीषण गर्मी और बढ़ती संगत की संख्या को देखते हुए ये पंखे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिक्रमा स्थल में स्थापित किए गए हैं। प्रबंधन के अनुसार ये पंखे आधुनिक तकनीक से तैयार किए गए हैं, जो ठंडी और सुखद हवा प्रदान करते हैं। इनकी बनावट आकर्षक होने के साथ-साथ ये अत्यंत उपयोगी भी हैं। इससे दूर-दराज से आने वाली संगत को गर्मी से राहत मिलेगी और दर्शन के दौरान अधिक सुविधा प्राप्त होगी। सेवा और दसवंध की परंपरा का सुंदर उदाहरण सिख परंपरा में सेवा और दसवंध का विशेष महत्व है। संगत अपनी श्रद्धा अनुसार गुरु के लंगर के लिए राशन, बर्तन, गलीचे, घड़ियां तथा अन्य आवश्यक वस्तुएं भी भेंट करती रहती है। यह परंपरा न केवल सामाजिक समर्पण का प्रतीक है, बल्कि गुरु साहिब के प्रति प्रेम, आस्था और कृतज्ञता का भी सुंदर उदाहरण है। प्रबंधन समिति ने मुंबई की संगत का विशेष धन्यवाद व्यक्त किया है और अरदास की है कि गुरु साहिब सभी श्रद्धालुओं को चढ़दी कला में रखें तथा उन पर अपनी कृपा बनाए रखें।


