गोल का खाता नहीं खुला, बराबरी पर खत्म हुए फुटबॉल लीग के मैच

भास्कर न्यूज | चिरमिरी जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में डोमन हिल स्थित अमर कुंज क्रीड़ांगन में आयोजित लीग स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने संघर्षपूर्ण और अनुशासित खेल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन दो मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीक और टीम भावना देखने को मिली। हालांकि दोनों ही मैच किसी भी टीम के पक्ष में निर्णायक रूप नहीं ले सके और बराबरी पर समाप्त हुए। दिन का पहला मैच मां स्पोर्टिंग क्लब गोदरीपारा और फुटबॉल क्लब डोमन हिल के मध्य खेला गया। मैच के प्रारंभ से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। गोदरीपारा की टीम ने तेज पासिंग और मिडफील्ड पर नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश की। वहीं डोमनहिल की टीम ने मजबूत डिफेंस और काउंटर अटैक के माध्यम से बराबरी बनाए रखी। दोनों ओर से गोल करने के कई अवसर बने, लेकिन गोलकीपरों की सतर्कता और डिफेंस की मजबूती के कारण कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। निर्धारित समय तक स्कोर शून्य-शून्य रहा, जिसके फलस्वरूप दोनों टीमों को एक-एक अंक प्रदान किया। दूसरा मुकाबला केंद्रीय विद्यालय चिरमिरी व जीएम कॉम्पलेक्स स्पोर्टिंग क्लब के बीच खेला गया। यह मैच भी काफी रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा। पहले हाफ में दोनों टीमों ने संतुलित खेल दिखाया। मध्यांतर के बाद खेल की गति और तेज हो गई, खिलाड़ियों ने गोल करने कई प्रयास किए, लेकिन अंतिम क्षणों में फिनिशिंग की कमी के कारण गेंद जाल तक नहीं पहुंच सकी। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों का जोश और अनुशासन काबिले-तारीफ रहा। अंततः यह मैच भी बराबरी पर समाप्त हुआ और दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता के संयोजक और चिरमिरी फुटबॉल क्लब के सचिव कंचन पॉल ने बताया कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के बच्चों और युवाओं में फुटबॉल के प्रति रुचि बढ़ाना और उनमें खेल भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि आज इस मैदान पर खेल रहे बच्चे यदि निरंतर अभ्यास और अनुशासन बनाए रखें, तो आने वाले समय में वे जिला, प्रदेश और आगे चलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं को मंच मिलता है और खेल संस्कृति को मजबूती मिलती है। निर्णायक की भूमिका आदित्य यादव, शिवकुमार और रोहित ने निभाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *