भीलवाड़ा के मांडल थाना क्षेत्र के रूपपुरा गांव में गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार बदमाशों आदिल और अखिल की गांव में पैदल परेड कराते हुए रूपपुरा डांग स्थित घटनास्थल तक ले जाकर मौका तस्दीक कराई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। तीन दिन पहले मिले थे गौ वंश अवशेष उल्लेखनीय है कि तीन दिन पूर्व गांव के बाहर गोवंश के अवशेष मिलने से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बावजूद ग्रामीणों में रोष बना रहा और इसी क्रम में गुरुवार को ग्रामीणों ने एक बार फिर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने की थी कड़ी कार्रवाई की मांग ग्रामीणों ने आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाने, चारागाह भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग रखी। स्थिति की नजाकत को देखते हुए मांडल थाना पुलिस सहित अन्य थानों से भी जाप्ता मौके पर तैनात किया गया और सेक्टर में शांति बनाए रखने के लिए विशेष प्रयास किए गए। पुलिस की सूझबूझ और प्रशासनिक समझाइश आई थी काम इस दौरान भाजपा विधायक उदयलाल भड़ाना भी मौके पर पहुंचे। पुलिस की सूझबूझ और प्रशासनिक समझाइश से ग्रामीणों को शांत कराया गया, जिससे किसी बड़े टकराव की स्थिति टल गई। पुलिस ने घटना के कुछ ही समय बाद सभी आरोपियों को डिटेन कर लिया था और मुख्य रूप से दो आरोपियों की गांव में परेड निकालकर आमजन में पुलिस के प्रति भरोसा तथा अपराधियों में कानून का डर पैदा करने का संदेश दिया।ग्रामीणों ने समय पर कार्रवाई और कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर मांडल थाना पुलिस की सराहना की। क्रेडिट:जितेंद्र सिंह गौड़, मांडल


