पुरानी टोंक थाना क्षेत्र में खोजा बावड़ी बीएसएनल ऑफिस के सामने गोवंश के अवशेष मिले हैं। इसका पता लगने के बाद हिंदू संगठनों से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान बीजेपी जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान समेत कई नेता, गौसेवक भी मौके पर पहुंचे और कड़ी नाराजगी जताते हुए गोवंश के अवशेषों को लेकर घंटाघर पहुंचे और टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद घंटाघर चौराहा पर धरने पर बैठ गए। धरने पर अपनी ही सरकार में मांग मनवाने के लिए गौसेवकों के साथ बीजेपी जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान को भी धरने पर बैठना पड़ा। इनके अलावा पूर्व नगर परिषद चेयरमैन लक्ष्मी जैन, पूर्व नगर परिषद चेयरमैन गणेश माहुर, दुर्गेश गुप्ता, प्रभु बाड़ोलिया, विनायक जैन आदि मौजूद थे। धरने को संबोधित करते हुए बीजेपी जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने कहा कि यह गोवंश की हत्या है। हमारे लिए यह मानव की हत्या के बराबर है। आरोपियों को गिरफ्तार कर उन पर हत्या का मुकदमा लगाकर कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंनें प्रशासन को चेताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करे। अन्यथा आंदोलन जारी रहेगा। घटना के विरोध में कई व्यापारियों ने अपने पाने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। पुलिस की ओर से ASP बृजेन्द्र सिंह भाटी , DSP राजेश विधार्थी, निवाई DSP मृत्युंजय आदि पुलिस अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे। इन्होंने धरने पर बैठे लोगों से समझाइश की लेकिन प्रदर्शनकारी SP को मौके पर बुलाकर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन देने की मांग पर अड़े रहे। दोपहर एक बजे तक घंटा घर पर SP नहीं आए तो प्रदर्शन कारी कलेक्ट्रेट कूच कर गए । जहां नारेबाजी की । करीब बीस मिनट बाद 1.20 बजे SP विकास सांगवान मौके पर लोगों के बीच पहुंचे और उनकी समस्या सुनी। गोसेवकों ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हो कि दोबारा ऐसा अपराध करने की हिम्मत नहीं करे। SP ने आश्वस्त किया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उसके बाद धरना- प्रदर्शन खत्म किया।


