गोवा के नाइट क्लब में शनिवार देर रात सिलेंडर विस्फोट और आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई। आग से कानपुर के कल्याणपुर के युवक ने भी दम तोड़ा है। मौत की जानकारी मिलने के बाद घर पर मातम छाया है। परिवार के लोग शव लेने के लिए गोवा रवाना हुए हैं। परिवार के लोगों ने बताया कि जिस नाइट क्लब में हादसा हुआ है, वहां पर युवक नौकरी करता था। मूलरूप से नेपाल निवासी सुनीता सिंह का बेटा रोहन सिंह (28) कानपुर के कल्याणपुर बारासिरोही गोपालपुरम में रहने वाले मामा कुंवर सिंह और लाल सिंह के यहां पर रहता था। शनिवार देर रात नाइट क्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई, मरने वाले में 20 क्लब के ही कर्मचारी थे। गोवा पुलिस ने क्लब मैनेजर सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। CM प्रमोद सावंत ने कहा, शुरुआती जांच के मुताबिक पटाखे फोड़ने से आग लगी। कुछ लोग बाहर आ गए, लेकिन कुछ नहीं आ सके, जिससे उनकी जान चली गई। कानपुर में कई बार-रेस्टोरेंट में काम कर चुका रोहन
मामा लाल सिंह ने बताया- मेरा भांजा रोहन बचपन से मेरे घर पर रहता था। वह पहले कानपुर के कई बार और रेस्टोरेंट में काम किया था। इसके बाद अच्छे पैसे मिलने के चलते फरवरी 2024 में गोवा के क्लब में नौकरी करने चला गया था। कानपुर में रोहन का अंतिम संस्कार होगा
लाल सिंह ने बताया- मेरा एक बेटा मुंबई में नौकरी करता है। हादसे के बाद गोवा की पुलिस और अफसरों ने हमसे संपर्क किया था। इसके बाद हादसे में रोहन के मौत की जानकारी दी। मुंबई में रहने वाले परिवार के लोग गोवा के लिए रवाना हो गए हैं। अब शव को कानपुर लाया जाएगा, यहीं रोहन का अंतिम संस्कार होगा। रोहन की मां सुनीता सिंह बेटे की मौत की जानकारी मिलने के बाद नेपाल से कानपुर के लिए रवाना हो गई हैं। DCP वेस्ट दिनेश त्रिपाठी ने बताया- हादसे में कल्याणपुर के युवक की मौत की जानकारी जिला प्रशासन को मिली थी। इसके बाद परिवार के लोगों को इसकी जानकारी दी गई है। विस्तार से जानिए पूरा मामला नाइट क्लब में आग से 25 मौतें, इनमें 20 कर्मचारी गोवा के अरपोरा इलाके में शनिवार देर रात एक नाइट क्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई, मरने वाले में 20 क्लब के ही कर्मचारी हैं। गोवा पुलिस ने क्लब मैनेजर सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। CM प्रमोद सावंत ने कहा, शुरुआती जांच के मुताबिक पटाखे फोड़ने से आग लगी। कुछ लोग बाहर आ गए लेकिन कुछ नहीं आ सके, जिससे उनकी जान चली गई। पूरी जांच की जा रही है, और एक हफ्ते में रिपोर्ट मिल जाएगी। मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपए मुआवजा दिया जाएगा। गोवा सरकार ने नाइट क्लब को 2023 में अनुमति देने में लापरवाही के आरोप में तीन अधिकारियों पूर्व पंचायत डायरेक्टर सिद्धि तुषार हरलंकर, GSPCB की मेंबर सेक्रेटरी रहीं डॉ. शमिला मोंटेइरो और अरपोरा-नागोआ पंचायत के सेक्रेटरी रघुवीर बागकर को सस्पेंड कर दिया है। शुरुआती जांच में पाया गया कि क्लब में फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं हुआ था। अधिकारी और FSL टीम आग की वजह की जांच कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता की घोषणा की है। आग से जुड़ी 5 तस्वीरें देखिए- किचन से शुरू हुई आग, सीढ़ियों पर मिले शव गोवा के डीजीपी आलोक कुमार ने बताया कि 25 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। मरने वालों में ज्यादातर क्लब में काम करने वाले कर्मचारी थे। डीजीपी ने कहा- आग सबसे पहले ग्राउंड फ्लोर में बनी रसोई से क्लब के दूसरे हिस्सों में फैली। इसलिए सबसे ज्यादा शव किचन एरिया से मिले हैं। भागने की कोशिश में दो लोगों की मौत सीढ़ियों पर हुई। चश्मदीद बोलीं- लोग ग्राउंड फ्लोर के किचन में फंसे चश्मदीद फातिमा शेख के मुताबिक, आग लगते ही अंदर जोरदार भगदड़ मच गई। उस समय क्लब में वीकेंड पार्टी चल रही थी और करीब 100 लोग डांस फ्लोर पर थे। जैसे ही धुआं और लपटें दिखीं, कई लोग घबराकर नीचे की ओर भागे और गलती से ग्राउंड फ्लोर के किचन में पहुंच गए। वहां पहले से मौजूद स्टाफ भी फंस गया। फातिमा ने बताया, बाहर निकलने का रास्ता बहुत संकरा था, जिससे लोग बाहर नहीं निकल पाए। कुछ ही मिनटों में पूरा क्लब आग की लपटों में घिर गया, वहां पाम लीव्स से सजावट की गई थी, जो तुरंत जल गई। कई लोग जैसे-तैसे बाहर निकले, लेकिन कुछ अंदर ही रह गए। CM सावंत बोले- जिम्मेदारों पर एक्शन लेंगे CM सावंत ने X पर पोस्ट कर बताया कि आज का दिन गोवा के लिए बहुत दुखद है। मैं बेहद दुखी हूं और इस कठिन समय में सभी पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैंने मौके पर जाकर हालात देखे और इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने बताया- जांच में यह पता लगाया जाएगा कि आग कैसे लगी और क्या वहां फायर सेफ्टी और बिल्डिंग के नियमों का सही तरह पालन किया गया था या नहीं। जो भी इस घटना के लिए जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी तरह की लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। घटना पर किसने क्या कहा- BJP MLA ने क्लबों का सेफ्टी ऑडिट कराने की मांग की BJP MLA माइकल लोबो ने कहा कि राज्य के सभी क्लबों का सेफ्टी ऑडिट करवाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि टूरिस्ट गोवा को हमेशा एक सुरक्षित जगह मानते हैं, लेकिन इस घटना बहुत चिंताजनक है और आगे ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि टूरिस्ट और इन क्लबों में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सबसे अहम है। लोबो ने बताया कि हादसे में ज्यादातर लोग बेसमेंट की तरफ भागते समय दम घुटने से मारे गए। ————————– ये खबर भी पढ़िए- इंस्पेक्टर की मौत में जेल गई लेडी कॉन्स्टेबल पुरानी ब्लैकमेलर: यूपी का सिपाही बोला- अश्लील वीडियो बनाकर रेप केस में फंसाया जालौन में इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय की मौत मामले में महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा को जेल भेज दिया गया। उसको लेकर नया खुलासा हुआ है। उसने 2022 में पीलीभीत में एक सिपाही को रेप के आरोप में जेल भिजवाया था। पीड़ित सिपाही मोहित खोखर ने बताया- मीनाक्षी पुरानी ब्लैकमेलर है। उसने मुझे प्रेम जाल में फंसाया। फिर पैसे मांगने शुरू कर दिए। अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगी। झूठा केस लिखाने की धमकी दी। 25 लाख रुपए मांगे। पैसे न देने पर रेप का फर्जी मुकदमा लिखवा दिया था। दो महीने जेल में गुजारने पड़े। पढ़ें पूरी खबर…


