गोविंददेवजी और मोतीडूंगरी गणेश मंदिर के लिए बदली ट्रैफिक व्यवस्था:नववर्ष पर शहर के कई प्रमुख सड़कों पर नो पार्किंग जोन, जानें क्या रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था

नववर्ष के पहले दिन गुरुवार 1 जनवरी 2026 को जयपुर आराध्य श्री गोविंद देव जी मंदिर और प्रथम पूज्य मोती डूंगरी गणेश जी मंदिर में बड़ी संख्या में दर्शनार्थियों के पहुंचने की संभावना है। हर साल नए साल पर इन दोनों प्रमुख मंदिरों में सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। इसी को देखते हुए शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है, ताकि दर्शनार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।
ट्रैफिक पुलिस ने 1 जनवरी को पूरे दिन के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इस दौरान मंदिरों की ओर जाने वाले कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी, कुछ मार्गों पर पूरी तरह से ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। पार्किंग के लिए अलग-अलग जगह तय किए गए हैं। यह व्यवस्था सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक लागू रहेगी।
मोती डूंगरी गणेश जी मंदिर की ट्रैफिक व्यवस्था
ट्रैफिक प्लान के तहत मोती डूंगरी गणेश जी मंदिर आने वाले दर्शनार्थियों के लिए अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों की पार्किंग तय की गई है। इसके साथ ही कई मुख्य मार्गों पर पार्किंग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। मोती डूंगरी क्षेत्र में डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी
1 जनवरी 2026 को सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक त्रिमूर्ति सर्किल से जे.डी.ए. चौराहा तक, आर.बी.आई. तिराहा से गणेश मंदिर के बीच तख्तेशाही रोड और धर्मसिंह सर्किल से गणेश मंदिर की ओर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद रहेगा। जरूरत के अनुसार वाहनों को समानांतर मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। बसों के संचालन में भी बदलाव
टोंक रोड पर ट्रैफिक अधिक होने की स्थिति में गोपालपुरा की ओर से यादगार तिराहा आने वाली बस और मिनी बसें लक्ष्मी मंदिर से सहकार मार्ग होकर संचालित होंगी। जे.एल.एन. मार्ग पर दर्शनार्थियों के अधिक दबाव को देखते हुए मानसरोवर, सांगानेर और जगतपुरा से परकोटे की ओर जाने वाले वाहन चालकों को टोंक रोड का अधिक से अधिक उपयोग करने की सलाह दी गई है।
श्री गोविंद देव जी मंदिर की ट्रैफिक व्यवस्था
नववर्ष पर गोविंद देव जी मंदिर क्षेत्र में भी विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। काले हनुमान जी मंदिर और कंवर नगर की ओर से आने वाले दर्शनार्थी अपने वाहन झूलेलाल मंदिर के पास खाली जमीन पर पार्क कर सकेंगे, जबकि ब्रह्मपुरी की ओर से आने वाले वाहन पोण्ड्रिक उद्यान के सामने पार्क किए जा सकेंगे। नववर्ष उत्सव के दौरान चारदीवारी क्षेत्र में चलने वाली बस और मिनी बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और इनका संचालन समानांतर मार्गों से किया जाएगा। गोविंद देव जी मंदिर और जलेबी चौक के आसपास पार्किंग सीमित होने के कारण आमजन से अपील की गई है कि वे अपने वाहन जे.डी.ए. की भूमिगत पार्किंग रामनिवास बाग में खड़े कर सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।
भीड़भाड़ से बचने के लिए ट्रैफिक प्लान का पालन करें
ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नववर्ष के दौरान तय किए गए ट्रैफिक प्लान का पालन करें और भीड़भाड़ से बचने के लिए अधिक से अधिक समानांतर मार्गों का उपयोग करें, ताकि दर्शन और आवागमन दोनों सुचारू रूप से हो सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *