जामताड़ा से होकर गुजर रही गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे हादसों की सड़क बन गई। इस सड़क पर हर दिन दुर्घटना घट रही है। शुक्रवार रात भी यहां वन विभाग कार्यालय मोड़ के समीप एक बाइक पर सवार तीन युवकों को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे युवक गिरकर घायल हो गए। इसमें 16 वर्षीय किशोर बोरवा ग्राम निवासी आशीष मुर्मू पिता लखन मुर्मू की मौत हो गई। दो अन्य घायलों में से अरविंद हांसदा और लच्छू मुर्मू को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है। तीनों की उम्र महज 15-16 साल के बीच है। घटना के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर बांस और चाचरी लेकर आग लगाकर जाम कर दिया। नारायणपुर हटिया से लौट रहे थे घर घटना के संबंध में मृतक की चाची सूरज मुनि मुर्मू ने बताया कि आशीष मुर्मू नारायणपुर हटिया से घर का समान लेकर मोटरसाइकिल से लौट रहा था। साथ में उसके दो दोस्त भी थे। तभी सामने से आ रही ट्रक ने जोरदार धक्का मार दिया, जिससे बाइक पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। कुछ ही देर बाद ही आशीष मौत हो गई। आसपास लोगों ने मुख्य सड़क को वन विभाग के कार्यालय के समीप जाम कर दिया। ट्रक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। ट्रक का चालक घटना के बाद से फरार हो गया। देर रात खाली हुआ सड़क इस घटना से गोविंदपुर साहेबगंज स्टेट हाइवे पर वाहनों की डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। घटना की सूचना पर बीडीओ मुरली यादव, थाना की पुलिस पहुंची और लोगों से बात कर शव उठाने और जाम हटाने की बात कही, लेकिन आक्रोशित परिजन जाम हटाने को तैयार नहीं हो रहे थे। देर रात ग्रामीणों को समझाने बुझाने के बाद सड़क से जाम हटाया जा सका। पुलिस ने वाहनों को जब्त किया और शव का पंच नामा करने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया है।


