गौरेला नगर पालिका के कांग्रेस अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अशोक शर्मा ने चुनाव अधिकारियों के समक्ष गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने ईवीएम की मेन कंट्रोल यूनिट में लगाई जा रही अतिरिक्त मेमोरी कार्ड को लेकर सवाल उठाए हैं। शर्मा का कहना है कि इस बार ईवीएम में वीवीपैट की सुविधा भी नहीं दी गई है, जो निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के विपरीत है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए वीवीपैट यूनिट लगाने और संदिग्ध मेमोरी कार्ड को हटाने की मांग की है। मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया पलटवार इस मामले में जिले के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी हार का पहले से पता है, इसलिए ईवीएम पर आरोप लगाकर बहाना बना रही है। जायसवाल ने दावा किया कि सभी दस नगर निगमों में कांग्रेस की हार तय है और छत्तीसगढ़ कांग्रेस मुक्त होने की ओर बढ़ रहा है। बिना VVPAT के होगा चुनाव चुनाव आयोग के मुताबिक, इस बार अध्यक्ष और पार्षद प्रत्याशियों का मतदान एक ही ईवीएम में होगा। मेमोरी कार्ड का उपयोग मतदान से मतगणना के बीच ईवीएम खराब होने की स्थिति में डेटा रिकवरी के लिए किया जाएगा। यह चुनाव बिना वीवीपैट के कराया जाएगा।


