गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 236 क्विंटल अवैध धान जब्त:भंडारण पर दुकान सील, परिवहन में भी पकड़ा गया धान

जिला प्रशासन ने अवैध धान के भंडारण और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग के संयुक्त जांच दल ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 236 क्विंटल धान जब्त किया है। इस दौरान एक दुकान को सील किया गया और एक ट्रक को भी जब्त किया गया। पहली कार्रवाई रूपनडांड तरई गांव में सरोधन सिंह की दुकान पर हुई। निरीक्षण दल ने यहां लगभग 156 क्विंटल (391 बोरी) धान अवैध रूप से भंडारित पाया। संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पेंड्रारोड, विक्रांत कुमार अंचल की उपस्थिति में दुकान को सील कर दिया गया। जब्त किए गए धान को ग्राम कोटवार रेवालाल की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखा गया है। देवरगांव में अवैध धान परिवहन पकड़ा गया दूसरी कार्रवाई ग्राम देवरगांव में की गई, जहां मध्यप्रदेश से अवैध रूप से परिवहन हो रहे धान को पकड़ा गया। ट्रक क्रमांक सीजी-31-ए-9617 से लगभग 80 क्विंटल धान जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 48 हजार रुपये है। इस धान और ट्रक को थाना गौरेला को सुपुर्द कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितता और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *