राजनांदगांव पुलिस ने गौवंश के साथ अनैतिक कृत्य करने के आरोपी शेख असलम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी को 21 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया। 18 नवंबर को राजनांदगांव कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। प्रार्थी ने बताया कि 17 नवंबर को जूनी हटरी चौक पर एक अज्ञात व्यक्ति ने गौवंश के साथ अनैतिक कृत्य किया, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची। इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में मामला दर्ज किया गया। हिंदू संगठनों ने की गिरफ्तारी की मांग घटना के विरोध में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान, गिरफ्तार सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान सिवनी (मध्यप्रदेश) निवासी 55 वर्षीय शेख असलम के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस अनैतिक कृत्य को लेकर शहर में हिंदू संगठनों के बीच आक्रोश देखा गया। हिंदू जागरण मंच ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल और गृह मंत्री को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले में कठोर कार्रवाई, गंभीर धाराओं में जांच और दोषी सिद्ध होने पर कड़ी सजा की मांग की है।


